उत्तर प्रदेश : हापुड़ में हाईवे पर रफ्तार का कहर, पिता–पुत्र समेत तीन की दर्दनाक मौत

Hapur News : हापुड़ में दिल्ली लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग हाइवे-9 पर एक भीषण हादसा हुआ, जिसमें पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में गाड़ी चालक फरार हो गया।

ये हादसे की पूरी जानकारी

धौलाना क्षेत्र के गांव देहरा निवासी आलीम, गांव हसनपुर निवासी सचिन और उसके पिता उमेदपाल किसी काम से हापुड़ आए थे। काम निपटाने के बाद तीनों स्कूटी और बाइक से घर लौट रहे थे, तभी राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित सरस्वती अस्पताल के पास तेज रफ्तार गाड़ी ने पहले स्कूटी और फिर बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

तीनों की मौके पर मौत

टक्कर इतनी भयानक थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई। घायलों को आनन-फानन में निजी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान तीनों की मृत्यु हो गई।

परिवारों में मातम छाया

ग्राम प्रधान राजपाल सिंह ने बताया कि मृतक उमेदपाल किसानी करके परिवार का पालन-पोषण करते थे और उनका बेटा सचिन निजी कंपनी में नौकरी करता था। आलीम के पिता जेल में बंद हैं और उनकी जमानत कराने के लिए ये तीनों हापुड़ आए थे। तीनों की मौत की खबर से गांवों में मातम पसर गया और परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शुरू की जांच

पिलखुवा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उन्होंने बताया कि आरोपी गाड़ी चालक की तलाश में दो टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img