उत्तर प्रदेश : हापुड़ में रक्षाबंधन और वीकेंड के चलते यात्रियों की भारी भीड़

Hapur News : हापुड़ रोडवेज बस अड्डे के बाहर शनिवार को रक्षाबंधन और वीकेंड के कारण यात्रियों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे खासकर महिलाओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

एसपी ने रोडवेज अधिकारियों से की बातचीत

एसपी ने रोडवेज अधिकारियों से बातचीत कर विभिन्न मार्गों, विशेष रूप से मेरठ और अन्य रूटों पर बसों का संचालन शुरू कराया। बसों की उपलब्धता के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली और एसपी का आभार व्यक्त किया।

बसों की कमी के कारण हो रही थी परेशानी

रक्षाबंधन और वीकेंड के चलते मेरठ रोडवेज बस अड्डे पर शनिवार सुबह से ही यात्रियों की भारी भीड़ जमा थी। यात्रियों में अधिकांश वे लोग थे, जो त्योहार के लिए अपने गृह जनपदों की ओर जा रहे थे। खासकर महिलाएं और बच्चे बसों के इंतजार में घंटों सड़क पर खड़े रहे।

एसपी की त्वरित कार्रवाई

एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह को सुबह सूचना मिली कि बस अड्डे पर यात्रियों की भीड़ के कारण स्थिति बिगड़ रही है। वह तुरंत थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह के साथ बस स्टैंड पहुंचे। एसपी ने रोडवेज के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक और अन्य अधिकारियों से तत्काल संपर्क किया और बसों की कमी को दूर करने और अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू करने के निर्देश दिए।

यात्रियों ने की सराहना

बसों के संचालन के बाद यात्रियों की भीड़ धीरे-धीरे कम हुई, और स्थिति नियंत्रण में आई। बसों का संचालन शुरू होने के बाद यात्रियों, खासकर महिलाओं ने राहत महसूस की। कई यात्रियों ने बताया कि वे घंटों से बस का इंतजार कर रहे थे, और त्योहारी भीड़ के कारण टिकट काउंटर पर भी अव्यवस्था थी। एक यात्री, रीना देवी ने कहा, “एसपी साहब के आने के बाद हमें तुरंत बस मिली। उनकी त्वरित कार्रवाई के लिए हम आभारी हैं।” अन्य यात्रियों ने भी पुलिस और रोडवेज प्रशासन की सराहना की।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img