उत्तर प्रदेश : बुलंदशहर में ईद और जुमा अलविदा की नमाज को लेकर पुलिस अलर्ट, सर्व समाज और गणमान्य लोगों के साथ बैठक

Bulandshahar News : (अवनीश त्यागी) जुमा अलविदा और ईद उल फितर की नमाज को लेकर पुलिस खासा चौकन्ना दिख रही है। पुलिस मिश्रित और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में गश्त तो कर ही रही है, साथ सर्व धर्म के जिमनेदार लोगों से राब्ता कायम कर मस्जिदों से अपील करवा रही है। पुलिस शहर काजियों से लाऊड स्पीकर के जरिये मस्जिदों से क्या अपील करवा रही है, जानते हैं इस रिपोर्ट में।

शहर इमामों ने की अपील

शहर काजियों और शहर इमामों ने ईद उल फितर और जुमा अलविदा की नमाज मस्जिद और ईदगाह के अंदर पढ़ने की अपील की है। कहा है लोग सड़कों और सार्वजनिक रास्तों पर नमाज न पढ़े। ईद का त्यौहार शानदार तरीके से मनाए साथ ये भी ध्यान रखे कि हमारे त्योहार की वजह से किसी को दिक्कत न हो। अव्वल तो सड़कें पाक नहीं होती और नमाज पाक स्थान चाहती है। इसलिए नमाज ईदगाह और नजदीकी मस्जिदों में ही पढ़े। रास्तों, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों का रुख नमाज पढ़ने के लिए न करें। बुलंदशहर, सिकंदराबाद, खुर्जा, शिकारपुर, पहासू, स्याना, ककोड़, अरनिया, नरसैना, बुगरासी, जहांगीराबाद, अनूपशहर, औरंगाबाद में बाकायदा मस्जिदों से अपील करवाई गई है।

ड्रोन से होगी नमाज की निगरानी

जुमा अलविदा और ईद उल फितर की नमाज की निगरानी ड्रोन कैमरे से की जाएगी, जो भी शख्स मस्जिदों के बाहर नमाज पढ़ता पाया गया, ऐसे लोगों के खिलाफ पुलिस सख्त एक्शन लेने के मूड में दिख रही है। पुलिस का कहना है सार्वजनिक स्थान और सड़कों पर नमाज पढ़ने वाले लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।

लोग जिम्मेदारी समझेंगे : एसएसपी

एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया जनपद के सभी थानों में जुमा अलविदा और ईद की नमाज को लेकर सर्वधर्म के लोगों से वार्ता की जा चुकी है। सभी से सहयोग और शांति की अपील की गई है। मस्जिद से भी शहर इमामों के द्वारा अपील करवाई गई है,ताकि मस्जिदों के बाहर नमाज ना पढ़ी जाए। जिले की तमाम मुख्य मस्जिदों के आसपास पुलिस की सतर्कता बढ़ाई जा चुका है। हर बार की तरह इस बार भी जुम्मा अलविदा और ईद की नमाज पर लोग अपनी जिम्मेदारी के साथ अपना फर्ज निभाएंगे ऐसी पुलिस उम्मीद करती है। जुमा अलविदा और ईद की नमाज को लेकर जिला सेक्टर्स में बांटा गया है। पुलिस के ऑफिसर्स भी क्षेत्र में लगातार भ्रमण पर रहेंगे। ड्रोन कैमरे भी लगाए गए हैं। पीएसी की एक कम्पनी भी तैनात रहेगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img