उत्तर प्रदेश, नोएडा: एसटीएफ ने बिहार से इनामी बदमाशों को दबोचा, अभिनेता कमल हासन को लगाया था करोड़ों का चूना

अजीत कुमार

उत्तर प्रदेश, नोएडा। उत्तर प्रदेश एसटीएफ की नोएडा यूनिट ने बिहार के पटना के रामकृष्णनगर थाना क्षेत्र के रुद्रा गेस्ट हाउस के पास बेरिया बस स्टैंड के पास से एक-एक लाख रुपये के दो इनामी कुख्यात बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी गाजियाबाद से फरार चल रहे थे। यूपी पुलिस इन दोनों आरोपियों की काफी समय से तलाश कर रही थी। गिरफ्तार आरोपी देश के अलग-अलग राज्यों में घूमकर दुकानों के शटर तोड़कर चोरी करते थे। गाजियाबाद जिले के इंदिरापुरम थाने से एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। अपराधियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर मशहूर फिल्म अभिनेता कमल हासन से जुड़ी दुकान से 135 से ज्यादा महंगी घड़ियां चोरी की थीं।
नोएडा एसटीएफ यूनिट के एडिशनल एसपी राजकुमार मिश्रा ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की जीतन पासवान निवासी सीतामढ़ी जिला, बिहार और रोशन कुमार निवासी घोड़ासन थाना मोतिहारी जिला, चंपारण बिहार के रूप में हुई है। अपराधी घोड़ासन गैंग के सक्रिय सदस्य हैं। गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाने में दर्ज एक मामले में मुखबिर की सूचना पर बिहार के पटना से एक-एक लाख रुपये के इनामी बदमाश जीतन पासवान और रोशन कुमार को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी जीतन पासवान ने बताया कि उसकी बहन की शादी घोड़ासन में हुई थी। वह वहां आता-जाता रहता था और यहीं उसकी मुलाकात रामआसरे पासवान से हुई थी। उसने दुकान का शटर उठाकर चोरी करने का तरीका रामआसरे पासवान से सीखा था और रामआसरे पासवान को सभी लोग उस्ताद कहते थे। वर्ष 2008 में आरोपी जीतन ने रामआसरे पासवान और घोड़ासन निवासी उमेश के साथ मिलकर सीतामढ़ी जिले में किराना दुकान का शटर उठाकर चोरी की थी। लोगों के जाग जाने के बाद उसे सीतामढ़ी पुलिस ने पकड़कर जेल भेज दिया था और करीब 4 महीने तक जेल में रहा था। एडिशनल एसपी राजकुमार मिश्रा ने बताया कि करीब 2 साल बाद जेल से छूटने के बाद आरोपी जीतन पासवान ने रामआसरे पासवान और उसके गैंग के सदस्यों के साथ मिलकर महाराष्ट्र के नासिक में लैपटॉप की दुकान का शटर उठाकर 20 लैपटॉप चोरी कर लिए थे। चोरी का सारा माल घोड़ासन निवासी दीपक के जरिए नेपाल में बेचा गया था। इन सभी लोगों को नासिक पुलिस ने पकड़कर जेल भेज दिया था। आरोपी जीतन करीब 2 महीने तक जेल में रहा।

अभिनेता कमल हासन की शोरूम में की चोरी
नासिक जेल से छूटने के बाद आरोपी जीतन ने घोड़ासन निवासी लल्लन, पप्पू, रियाज, दिनेश, संतोष आदि के साथ मिलकर हैदराबाद की एक पॉश कॉलोनी में घड़ी की शोरूम का शटर उखाड़कर 135 से ज्यादा महंगी घड़ियां चोरी कर ली थीं, यह शोरूम मशहूर अभिनेता कमल हासन की थी। एडिशनल एसपी राजकुमार मिश्रा ने बताया कि इसके बाद आरोपी जीतन पासवान ने घोड़ासन निवासी इरफान, रियाज, संतोष, बैलवा चिलवा के साथ मिलकर बिलासपुर छत्तीसगढ़ में एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान का शटर तोड़कर 50 से अधिक लैपटॉप, कैमरा आदि चोरी कर लिया था, जिसमें यह सभी लोग पकड़े गए और जेल गए थे। इसके बाद आरोपी जीतन को छत्तीसगढ़ जेल से हैदराबाद जेल में ट्रांसफर कर दिया गया और आरोपी जीतन पासवान करीब 1 साल तक हैदराबाद जेल में रहा।

3 करोड़ की घड़ियां नेपाल में बेची
हैदराबाद जेल से छूटने के बाद आरोपी जीतन ने घोड़ासन निवासी सचिन, रोशन, सियाज आदि के साथ मिलकर वर्ष 2024 में गाजियाबाद जिले के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में एक शटर तोड़कर करीब 618 घड़ियां चोरी कर ली थी, जिनकी कीमत 3 करोड़ रुपये से अधिक थी, जिन्हें नेपाल ले जाकर बेच दिया था। एएसपी राजकुमार मिश्रा ने आगे बताया कि करोड़ों रुपए की चोरी के मामले में फरार आरोपी जीतन पासवान और रोशन कुमार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कमिश्नर गाजियाबाद द्वारा 1 अक्टूबर 2024 को 1-1 लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया था। जिसके बाद उन्हें बिहार से गिरफ्तार कर लिया गया।

रोशन ने साल 2022 में की पहली वारदात
गिरफ्तार आरोपी रोशन कुमार ने पूछताछ पर बताया कि उसकी अंडे की दुकान है और मोबिन (जो पहले चोरी करता था) उसकी दुकान पर आता था। इसी के चलते आरोपी रोशन कुमार की मोबिन से दोस्ती हो गई। इसके बाद आरोपी रोशन कुमार ने मोबिन, निजामुद्दीन, प्रमोद पासवान, विक्रम कुमार आदि के साथ मिलकर वर्ष 2022 में हल्द्वानी उत्तराखंड में एक मोबाइल की दुकान में चोरी की। जिसमें वन प्लस के 100 से अधिक मोबाइल चोरी किए गए, जिन्हें मोबिन और निजामुद्दीन ने नेपाल ले जाकर बेच दिया। इसके बाद आरोपी रोशन कुमार को एसटीएफ देहरादून ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया और वह करीब 6 महीने तक जेल में बंद रहा।

जीतन पर पांच और रोशन पर दो मुकदमे दर्ज
जेल से छूटने के बाद आरोपी रोशन कुमार ने जीतन पासवान और उसके गिरोह के सदस्यों के साथ मिलकर वर्ष 2024 में गाजियाबाद जिले के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में एक घड़ी की दुकान का शटर तोड़कर करीब 618 घड़ियां चुरा ली थीं, जिन्हें नेपाल में बेचा गया था। एएसपी राजकुमार मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार इनामी बदमाश जीतन पासवान पर यूपी और बिहार में पांच संगीन मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी रोशन कुमार पर उत्तराखंड और यूपी में एक-एक मुकदमा दर्ज है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img