उत्तर प्रदेश, नोएडा: फर्जी दस्तावेजों से कोर्ट को गुमराह करने के आरोप में रवि काना के खिलाफ केस दर्ज

अमर सैनी

उत्तर प्रदेश, नोएडा। बीटा-2 कोतवाली पार्क पुलिस ने फर्जी हस्ताक्षर और जाली दस्तावेज तैयार कर कोर्ट को गुमराह करने के आरोप में आरोपी रवि नागर उर्फ रवि काना उर्फ रविंदर और उसके साथियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी रवि नागर 1 जनवरी 2024 को नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से थाईलैंड के लिए उड़ान भरी थी। वह 27 अप्रैल 2024 को वापस लौटा। विदेश में रहते हुए उसने अपने गिरोह के अज्ञात साथियों के साथ फर्जी हस्ताक्षर और जाली प्रपत्रों के आधार पर जिला सत्र न्यायालय गौतमबुद्ध नगर में अग्रिम जमानत के लिए अर्जी दाखिल की।

मामले की जांच कर रहे नॉलेज पार्क कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विपिन कुमार ने केस दर्ज कर लिया है। उनके मुताबिक आरोपी ने कोर्ट के साथ धोखाधड़ी की है। पुलिस ने आरोपी रवि नागर और उसके गिरोह के अन्य अज्ञात साथियों के खिलाफ आपराधिक साजिश और जालसाजी का केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी रवि नागर ने विदेश में रहकर जमानत के लिए फर्जी हस्ताक्षर कर जाली दस्तावेज तैयार किए। इससे कोर्ट को गुमराह करने का प्रयास किया गया। पुलिस ने घटना के संबंध में साक्ष्य जुटाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी व उसके गिरोह के सदस्यों के खिलाफ सभी तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है। रवि काना के खिलाफ सेक्टर 39 में सामूहिक दुष्कर्म व थाना बीटा-2 में गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज है। इस मामले में गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी एक जनवरी 2024 को नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट टर्मिनल-3 से थाई एयरबेस होते हुए बैंकॉक चला गया और वह 27 अप्रैल 2024 को भारत वापस लौटा। काना के वापस आते ही नोएडा पुलिस ने उसे एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया। कुछ दिन पहले बिसरख थाने में भी 2018 के एक मामले में कोर्ट में जाली दस्तावेज पेश करने का मुकदमा दर्ज हुआ था।

 

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img