संविधान दिवस पर राष्ट्रपति शुरू करेंगी ‘प्रकृति का परीक्षण’ अभियान

नई दिल्ली, 22 नवम्बर : केंद्रीय आयुष मंत्री प्रताप राव जाधव ने शुक्रवार को कहा कि हमने एक ऐसा ऐप विकसित किया है जो व्यक्ति के शरीर की प्रकृति का आकलन करके स्वस्थ रहने के लिए जरूरी उपाय सुझाएगा। इसके लिए आगामी 26 नवम्बर से प्रकृति का परीक्षण अभियान शुरू किया जा रहा है जिसका उद्घाटन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी।

जाधव ने बताया कि प्रकृति का परीक्षण अभियान को घर -घर तक पहुंचाने के लिए ऐप को एंड्रॉइड और आईओएस प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया गया है जिसे कोई भी व्यक्ति गूगल प्ले स्टोर से मुफ्त डाउनलोड कर सकेगा और इंस्टॉल कर सकेगा। इस अभियान में 18 वर्ष और अधिक आयु के लोगों को शामिल किया जाएगा जिसमें आयुर्वेद डॉक्टर, शिक्षक, छात्र और अन्य समेत करीब साढ़े तीन लाख स्वयंसेवक भाग लेंगे। यह स्वयंसेवक ऐप डाउनलोड करने वाले व्यक्ति से संपर्क करेंगे और अपने अनुभव व स्वास्थ्य प्रश्नावली के आधार पर व्यक्ति की सेहत का आकलन करेंगे।

इस डाटा के आधार पर ऐप इंस्टॉल करने वाले व्यक्ति को प्रति दो माह के बाद अपने मोबाइल फोन पर नोटिफिकेशन मिलेगा, जिसमें ऋतुचर्या, दिनचर्या और खानपान संबंधी परामर्श शामिल होगा। परामर्श के आधार पर व्यक्ति को स्वयं को स्वस्थ बनाए रखने में मदद मिलेगी। जाधव ने बताया कि प्रकृति का परीक्षण अभियान संविधान दिवस 26 नवम्बर से अटल जन्म शताब्दी दिवस 25 दिसंबर तक चलेगा। इस एक महीने के दौरान कम से कम 5 विश्व रिकॉर्ड बनाए जाने का लक्ष्य रखा गया है। बता दें कि पीएम मोदी ने हाल ही में प्रकृति का परीक्षण अभियान को लांच किया था।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img