रन्हेरा गांव में मकानों में आई दरारें, बदतर हुए हालात

अमर सैनी

नोएडा। जेवर एयरपोर्ट के पास रन्हेरा गांव में पिछले करीब 10 दिनों से पानी भरा हुआ है। पानी की निकासी न होने गांव में बाढ़ से भी बदतर हालात हो गए हैं। गांव के अंदर और चारों तरफ सिर्फ पानी ही पानी नजर आ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्राधिकरण और प्रशासन शिकायत के बावजूद कुछ भी नहीं कर रहा है। मकानों में दरारें आने लगी हैं और मकान गिरने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि जिम्मेदार लोग हादसा होने का इंतजार कर रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन ने पिछले दो दिनों से जल निकासी के लिए कोई कारगर कदम नहीं उठाए हैं। जलस्तर इतना बढ़ गया है कि पैदल चलने के लिए भी रास्ता नहीं बचा है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि अगर और बारिश नहीं हुई तो हालात सामान्य होने में 4 दिन लग सकते हैं। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण के दौरान दनकौर के धनौरी से निकलने वाले नाले को रन्हेरा गांव के पास बंद कर दिया गया था। सिंचाई विभाग ने नए नाले का डायवर्जन तो कर दिया, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि तय मानकों के बिना यह निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया है। हाल ही में हुई भारी बारिश के बाद दनकौर से लेकर रबूपुरा तक का पानी इस नाले के पास जमा हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन, प्राधिकरण और जनप्रतिनिधियों ने आंखें मूंद रखी है।

गांव में कई फीट तक पानी भरा
ग्रामीणों का कहना है कि नए नाले का ढलान सही न होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है, जिसके कारण गांव में कई फीट तक पानी भर गया है। इस जलभराव के कारण घरों में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई हैं और लोगों को घरों के गिरने का डर सता रहा है। साथ ही पानी के कारण गांव में दुर्गंध फैल रही है, जिससे बीमारी का खतरा बढ़ गया है।

घर से बाहर निकलना हुआ मुश्किल
ग्रामीणों का कहना है कि जलभराव के चलते लोग गांव से बाहर नहीं जा पा रहे हैं। गांव के लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है और जल्द से जल्द राहत कार्य शुरू करने की मांग की है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img