प्रदेश में दूसरी बार जिले में अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला लगेगा

अमर सैनी

नोएडा। प्रदेश में दूसरी बार जिले में अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (इंटरनेशनल ट्रेड फेयर) होगा। इसमें देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों से हजारों खरीदारों के आने की उम्मीद है। मेले में आने के लिए अब तक एक हजार खरीदार पंजीकरण करा चुके हैं।
दिल्ली में नवंबर महीने में दो सप्ताह का इंटरनेशनल ट्रेड फेयर लगाया जाता है। उसी तर्ज पर ग्रेटर नोएडा के एक्सो मार्ट व्यापार मेले का आयोजन कराया जाएगा। पांच दिवसीय मेला 25 से 29 सितंबर तक चलेगा। प्रदेश सरकार के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन और जिला उद्योग केंद्र मेले का आयोजन करा रहा है। इसमें सभी सेक्टरों से जुड़े उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। गौतमबुद्धनगर में पहली बार 2023 में अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला आयोजित हुआ था। जिला उद्योग केंद्र के उपायुक्त अनिल कुमार ने बताया कि पिछले वर्ष 21 सितंबर से 25 सितंबर तक मेला लगा था। उस मेले में देश-विदेश से लाखों खरीदारों ने हिस्सा लिया था। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी मेले को सफल बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पांच दिवसीय मेले में करोड़ों रुपये का कारोबार होने की उम्मीद है।

ओडीओपी के तहत उत्पादों की प्रदर्शनी लगेगी

जिला उद्योग केंद्र के अधिकारी के अनुसार अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला ग्रेटर नोएडा के एक्सो मार्ट में होगा। इसके लिए पूरे एक्सो मार्ट को बुक किया जाएगा। इसमें एक जिला, एक उत्पाद (ओडीओपी) के तहत, कपड़ा, ऑटो पार्ट, सजावट की वस्तुाएं, हैंडीक्राफ्ट, बिजली के उपकरण, शिक्षा, ग्लास, फर्नीचर समेत कई सेक्टरों की प्रदर्शनी लगेगी।

विदेशी खरीदार हो सकेंगे आकर्षित

मेले में सभी राज्यों के खरीदार इसमें हिस्सा लेंगे। वहीं, यूरोपीय और अफ्रीकी देशों के अलावा आस्ट्रेलिया, चीन, रूस, अमेरिका समेत अन्य देशों से हजारों की संख्या में खरीदार जुटेंगे। सफल व्यापार मेले का आयोजन होने से देश के विभिन्न राज्यों के अलावा विदेशी खरीदार आकर्षित होंगे। इससे प्रदेश में निवेश बढ़ेगा और उद्यमियों को भी ऑर्डर मिलेंगे। उद्यमियों को ऑर्डर मिलने से श्रमिकों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।

ग्रेटर नोएडा के एक्सो मॉर्ट में सितंबर माह में इंटरनेशनल ट्रेड फेयर का आयोजन किया जाएगा। इसमें हजारों विदेशी खरीदारों के आने की उम्मीद है। मेले में सभी सेक्टरों के कारोबारी और खरीदार हिस्सा लेंगे।

-अनिल कुमार, उपायुक्त, जिला उद्योग केंद्र।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img