अमर सैनी
गाजियाबाद। इंदिरापुरम के न्यायखंड एक में रविवार को लोगों के प्रदर्शन के बाद भी सीवर ओवरफ्लो की समस्या बरकरार है। सीवर के साथ नालों का पानी भी सड़कों पर बह रहा है। इस कारण यहां गंदगी और बदबू से लोगों का जीना मुहाल हो रहा है। इस समस्या को लेकर अभयखंड फेडरेशन ने भी विरोध जताया है।
सीवर ओवरफ्लो समेत तमाम समस्याओं को लेकर पांच सोसाइटियों के लोगों ने रविवार को प्रदर्शन करते हुए एनएच-नौ के पास डेढ़ घंटे तक जाम लगाया था। पुलिसकर्मियों से लोगों की नोकझोंक के बाद अधिकारियों ने सफाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया था।
यहां रहने वाले इंद्रजीत कहना है कि सोमवार को भी सीवर ओवरफ्लो होता रहा। यहां नाले-नालियों की सफाई नहीं हुई है। इनका पानी भी सड़कों पर बह रहा है। मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। गंदे पानी के साथ बारिश का पानी भी कई जगह इकट्ठा है, जिस कारण डेंगू-मलेरिया फैलने का डर बना हुआ है। अधिकारी अभी भी आश्वासन ही दे रहे हैं। अमित सचान ने बताया कि समस्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है और आने वाले दिनों में यदि जोरदार बारिश हुई तो घरों में पानी भरेगा। अभयखंड फेडरेशन के महासचिव आरपी जोशी का कहना है कि समस्या बढ़ी तो लोग दोबारा सड़कों पर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। जीडीए के सहायक अभियंता पीयूष सिंह का कहना है कि सीवर लाइन की सफाई कराकर जल्द समस्या का निवारण कराया जाएगा।
कैला भट्टा में भी समाधान नहीं हुआ : वार्ड-95 के कैला भट्टा में सीवर की समस्या का समाधान नहीं हो रहा। पार्षद रूकसाना ने बताया कि कई बार निगम अधिकारियों से शिकायत की, लेकिव समाधान नहीं हो रहा।


