अमर सैनी
नोएडा। थाना बिसरख क्षेत्र में रहने वाले एक खबरिया चैनल मे काम करने वाले वरिष्ठ पत्रकार ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर लिया है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची थाना बिसरख पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना बिसरख के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि 40 वर्षीय उमाकांत राही एबीपी न्यूज़ में वीडियो एडिटर के रूप मे कार्य करते थे। बुधवार रात को उन्होंने मानसिक तनाव के चलते जहरीला पदार्थ खा लिया। उन्हें अत्यंत गंभीर हालत में उपचार के लिए एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उनकी मौत हो गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में यह बात पता चली है कि उन्होंने पारिवारिक क्लेश के चलते आत्महत्या किया है। मृतक ने कोई सुसाइड नोट नहीं छोड़ा है।


