Mathura : मथुरा के बरसाना में राधा अष्टमी के पावन पर्व पर श्री राधा रानी मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। देशभर से पहुंचे भक्तों ने राधा रानी के दर्शन कर पूजा अर्चना की और जन्मोत्सव की खुशियों में शामिल हुए। मंदिर परिसर और पूरा बरसाना राधा रानी के जयकारों से गूंज उठा।
राधा अष्टमी के अवसर पर सुबह करीब चार बजे ब्रह्म मुहूर्त में श्री राधा रानी का महाभिषेक किया गया। धार्मिक परंपरा के अनुसार अभिषेक में विभिन्न जड़ी-बूटियों, चांदी के कलश और अन्य पूजन सामग्री का प्रयोग किया गया। विधि विधान और मंत्रोच्चार के बीच हुए इस विशेष अभिषेक के दौरान श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए।
राधा रानी के जन्मोत्सव को लेकर बरसाना में विशेष उत्साह देखने को मिला। मंदिर में दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं और पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा। मान्यता है कि राधा अष्टमी पर राधा रानी के दर्शन करना बेहद शुभ और सौभाग्यशाली होता है।


