Hapur News : हापुड़ जनपद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा संकल्प अभियान के रूप में मनाया गया। आशीर्वाद का दीया थीम के तहत जिले भर में करीब साढ़े तीन लाख दीयों को एक साथ प्रज्वलित किया गया। इस पहल में शहर से लेकर गांव तक के लोगों ने भागीदारी की और अपने घरों में भी दीये जलाए।

जिला प्रशासन की ओर से शाम सात बजे मुख्य कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इसके लिए पहले से ही प्रमुख स्थानों को चिह्नित किया गया था। गढ़मुक्तेश्वर के ब्रजघाट पर गंगा किनारे 25 हजार दीयों की रोशनी से अद्भुत दृश्य बना, वहीं पूठ घाट पर भी पांच हजार दीये जलाए गए।
ब्रजघाट के अलावा स्पोर्ट स्टेडियम, नवोदय विद्यालय, कृषि विज्ञान केंद्र, सभी सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, अन्नपूर्णा भवन, कस्तूरबा विद्यालय, अमृत सरोवर, पंचायत भवन, सबली और चंडी मंदिर समेत नक्का कुआं और जिले के अन्य बड़े मंदिरों और सभी ब्लॉकों में दीपोत्सव का आयोजन हुआ। कई जगह दीयों से शुभकामना संदेश और आकर्षक आकृतियां बनाई गईं।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, जिला पंचायत अध्यक्ष, भाजपा संगठन के पदाधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने मौजूद रहकर सहयोग किया।


