Bulandshahar (अवनीश त्यागी) : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को बुलंदशहर दौरे पर आएंगे। वह दोपहर 2 बजे शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रानऊ स्थित अवंतिका फार्म हाउस पहुंचेंगे और पूर्व राज्यमंत्री व दिवंगत विधायक अनिल शर्मा के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त करेंगे। अनिल शर्मा के निधन के बाद मुख्यमंत्री का यह पहला शोक संवेदना दौरा है।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट पर है। जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित आला अधिकारी तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। अवंतिका फार्म हाउस के पास ही हेलीकॉप्टर के उतरने के लिए हेलीपैड बनाया जा रहा है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।
फार्म हाउस पर साफ-सफाई और टेंट लगाने का काम तेजी से चल रहा है। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं। बताया जा रहा है कि परिवार से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री कुछ देर कार्यकर्ताओं से भी मिल सकते हैं, हालांकि उनका कार्यक्रम मुख्य रूप से शोक संवेदना तक ही सीमित रहेगा।


