Hapur News : डीजल के पैसे मांगने पर सेल्समैन को 5 किलोमीटर तक घसीटा, Video Viral

Hapur News : हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में हाईवे-9 पर डीजल के पैसे मांगना एक सेल्समैन को भारी पड़ गया। पेट्रोल पंप पर स्कॉर्पियो में आए एक चालक ने पहले गाली-गलौज की, फिर सेल्समैन का हाथ खिड़की में फंसाकर उसे करीब पांच किलोमीटर तक घसीट दिया। इसके बाद आरोपी ने उसे सड़क पर धक्का देकर गिरा दिया। यह पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मामला 2 सितंबर की रात करीब 10 बजे का है। गाजियाबाद के आकाश नगर निवासी नीरज चौहान जो अग्रवाल फ्यूलिंग स्टेशन पर मैनेजर हैं, उन्होंने पुलिस को तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि एक काले रंग की स्कॉर्पियो पेट्रोल पंप पर आई थी और चालक ने सेल्समैन पंकज से दो हजार रुपये का डीजल डालने के लिए कहा। डीजल डालने के बाद जब पंकज ने पैसे मांगे तो चालक ने गाली देते हुए कहा कि उसकी हिम्मत कैसे हुई पैसे मांगने की।

आरोप है कि इसके बाद चालक ने पंकज का हाथ गाड़ी के शीशे में फंसा लिया और तेज रफ्तार में गाड़ी हापुड़ की तरफ भगा दी। पंकज चीखता चिल्लाता रहा लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। करीब पांच किलोमीटर तक घसीटने के बाद आरोपी ने उसे निजामपुर तिराहे पर सड़क पर धक्का देकर गिरा दिया। बाद में पेट्रोल पंप के अन्य कर्मचारी उसे वापस लेकर आए।

मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की और गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली। पिलखुवा पुलिस ने आरोपी फरियाद निवासी ललियाना मेरठ को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोज बालियान ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img