Congress Organization: विधानसभा चुनाव से पहले बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करेगी कांग्रेस, पदाधिकारियों की जवाबदेही पर जोर
नोएडा। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने गौतमबुद्धनगर में संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी की बैठक सोमवार को ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत, सक्रिय और जवाबदेह बनाने के साथ जनता से लगातार संपर्क बनाए रखने की रणनीति पर चर्चा हुई।
पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी संजीव आर्या का नियुक्ति के बाद जिले में यह पहला दौरा था। उन्होंने जिला और महानगर संगठन के पदाधिकारियों के साथ आगामी कार्यक्रमों और विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक के बाद उन्होंने वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर अलग-अलग क्षेत्रों की संगठनात्मक स्थिति की जानकारी भी ली।
प्रदेश प्रभारी संजीव आर्या ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण अवसर है और इसके लिए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने पदाधिकारियों से कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से आती है। इसलिए प्रत्येक बूथ पर सक्रिय टीम तैयार करने और उसकी जवाबदेही तय करने पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का संगठन केवल चुनाव के दौरान सक्रिय रहने वाला संगठन नहीं होना चाहिए। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को लगातार जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना और उन्हें प्रभावी तरीके से उठाना होगा। किसानों, युवाओं, महिलाओं, मजदूरों और आम नागरिकों से नियमित संवाद स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए बूथ कमेटियों को सक्रिय करने, संगठन के पुराने और अनुभवी कार्यकर्ताओं को दोबारा सक्रिय भूमिका देने तथा युवा और नए कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपने की रणनीति पर चर्चा की गई।
जिलाध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि जिला कांग्रेस का लक्ष्य ऐसा मजबूत संगठन तैयार करना है, जिसकी प्रत्येक बूथ पर मौजूदगी हो। कार्यकर्ता केवल राजनीतिक कार्यक्रमों तक सीमित न रहें, बल्कि आम लोगों के सुख-दुख और स्थानीय मुद्दों में भी उनके साथ खड़े दिखाई दें।
उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत जिले में संगठन का विस्तार किया जा रहा है। पुराने एवं अनुभवी कार्यकर्ताओं के अनुभव का लाभ लेने के साथ नई पीढ़ी के कार्यकर्ताओं को भी संगठन में आगे लाया जाएगा। बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की टीम तैयार कर पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को सीधे जनता तक पहुंचाने की योजना है।
बैठक में नोएडा महानगर अध्यक्ष मुकेश यादव, वरिष्ठ नेता अजय चौधरी, सुरेंद्र प्रताप, मुकेश शर्मा, दुष्यंत नागर, गौतम अवाना, निशा शर्मा, अशोक पंडित, लियाकत चौधरी, रामकुमार तंवर, पुरुषोत्तम नागर और ललित अवाना समेत पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


