Road Accident: कार की टक्कर से बाइक टैक्सी सवार महिला की मौत, एफएनजी रोड हादसे में चालक भी घायल

Road Accident: कार की टक्कर से बाइक टैक्सी सवार महिला की मौत, एफएनजी रोड हादसे में चालक भी घायल

नोएडा। एफएनजी रोड पर सोमवार को एक कार ने बाइक टैक्सी में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक टैक्सी पर सवार 58 वर्षीय महिला और बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को आसपास मौजूद लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। मृतका के पति ने सेक्टर-113 थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई है।

बिसरख निवासी अली रजा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी पत्नी रेशमा रजा को सोमवार को किसी जरूरी काम से नोएडा जाना था। इसके लिए उन्होंने रैपिडो बाइक टैक्सी बुक की थी। बाइक टैक्सी से महिला नोएडा जा रही थीं। इसी दौरान एफएनजी रोड पर पीछे से आ रही नोएडा नंबर की एक कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक टैक्सी पर बैठी रेशमा रजा उछलकर काफी दूर जा गिरीं। सड़क पर गिरने के कारण उनके सिर में गंभीर चोट आई। बाइक चला रहा युवक भी हादसे में घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने महिला की गंभीर हालत को देखते हुए इलाज शुरू किया, लेकिन उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाइक चालक का अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों का दावा है कि टक्कर मारने के बाद कार चालक मौके पर नहीं रुका और वाहन लेकर फरार हो गया। मृतका के पति ने पुलिस को उस कार का नंबर भी उपलब्ध कराया है, जिसके बारे में बताया जा रहा है कि उसने बाइक टैक्सी में टक्कर मारी थी।

पुलिस अब घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस कार के नंबर और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी चालक की पहचान कर उसे पकड़ने का प्रयास कर रही है। साथ ही हादसे की परिस्थितियों और टक्कर की वास्तविक वजह का भी पता लगाया जा रहा है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img