National Flag: ग्रेटर नोएडा में कुत्ते के शव को तिरंगे में लपेटकर दफनाने का मामला, राष्ट्रीय ध्वज के अपमान के आरोप में युवक गिरफ्तार

National Flag: ग्रेटर नोएडा में कुत्ते के शव को तिरंगे में लपेटकर दफनाने का मामला, राष्ट्रीय ध्वज के अपमान के आरोप में युवक गिरफ्तार

नोएडा। ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र में पालतू कुत्ते के शव को राष्ट्रीय ध्वज यानी तिरंगे में लपेटकर दफनाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिलासपुर निवासी सोनू गौड़ के रूप में हुई है। बताया गया है कि उसके पालतू कुत्ते की मौत हो गई थी। अंतिम संस्कार के दौरान कुत्ते के शव को कथित तौर पर राष्ट्रीय ध्वज में लपेटकर दफनाया गया।

घटना का करीब एक मिनट का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया। वीडियो में कुत्ते के शव को तिरंगे में लपेटकर दफनाते हुए कुछ लोग दिखाई दे रहे थे। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने इसे राष्ट्रीय ध्वज का अपमान बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू की और घटना की पुष्टि के लिए संबंधित लोगों से जानकारी जुटाई। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद पुलिस ने सोनू गौड़ को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ शुक्रवार शाम करीब 3 बजे मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img