Foreign Citizen: वीजा खत्म होने के बाद भी भारत में रह रहा नाइजीरियाई नागरिक गिरफ्तार
नोएडा। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के सेक्टर-22डी स्थित एक सोसाइटी में वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी भारत में रह रहे नाइजीरियाई मूल के विदेशी नागरिक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार उसका वीजा करीब तीन साल पहले समाप्त हो चुका था, लेकिन इसके बावजूद वह लगातार सोसाइटी में रह रहा था।
सोसाइटी में रहने वाले लोग पिछले कुछ समय से विदेशी नागरिकों के सत्यापन की मांग कर रहे थे। स्थानीय निवासियों ने पुलिस अधिकारियों से भी इस संबंध में जांच की मांग की थी। उनका कहना था कि सोसाइटी में रहने वाले कुछ विदेशी नागरिकों के दस्तावेज और वीजा की अवधि की जांच की जानी चाहिए।
कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हुआ था। इसमें एक विदेशी नागरिक फ्लैट के पिछले हिस्से से करीब आठवीं मंजिल से नीचे उतरता हुआ दिखाई दे रहा था। दावा किया गया था कि वह पुलिस की जांच से बचने के लिए ऐसा कर रहा था। वीडियो सामने आने के बाद विदेशी नागरिकों के सत्यापन को लेकर पुलिस की सक्रियता और बढ़ गई।
पुलिस के मुताबिक, बृहस्पतिवार रात सूचना मिलने के बाद टीम सेक्टर-22डी स्थित सोसाइटी पहुंची। वहां बाहर टहल रहे नाइजीरियाई मूल के नागरिक डेस्टिनी को रोककर उसके पासपोर्ट और वीजा की जांच की गई।
जांच में सामने आया कि उसके वीजा की वैधता एक सितंबर 2023 को समाप्त हो चुकी थी। इसके बाद भी वह भारत में रह रहा था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर आवश्यक दस्तावेजों की जांच की और विदेशी नागरिक से संबंधित नियमों के तहत कार्रवाई की।
कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार के मुताबिक, विदेशी नागरिक डेस्टिनी को गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस विदेशी नागरिकों के सत्यापन की कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कह रही है।



