Patna (मृत्युंजय) : राजधानी पटना में अपराधियों का तांडव जारी है। मंगलवार देर रात रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र के भूपतिपुर ज्योतिष बाबा रोड पर अपराधियों ने एक युवक को गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
सूत्रों के अनुसार अपराधी अपाचे बाइक पर सवार होकर पहुंचे थे। उन्होंने मौके पर युवक को निशाना बनाकर गोली चलाई और फरार हो गए। गोली लगने से घायल युवक की पहचान शुभम यादव के रूप में हुई है।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल शुभम को आनन-फानन में इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। बताया जा रहा है कि पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
दिलचस्प बात यह है कि घटना के समय पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा मंगलवार देर रात सभी अनुमंडल पुलिस अधिकारियों और पटना जिले के थानेदारों के साथ क्राइम मीटिंग कर रहे थे। इसी दौरान राजधानी में अपराधियों ने इस बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस को एक बार फिर चुनौती दे दी। फिलहाल पुलिस फरार अपराधियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।


