Uttar Pradesh : हापुड़ में इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य पर छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप, पूर्व प्रधानाचार्य के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज

0
2

Hapur News : जनपद हापुड़ में थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव अल्लीपुर स्थित एक इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य पर कक्षा 11वीं की छात्रा से छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है। पीड़ित छात्रा के पिता की तहरीर पर पुलिस ने प्रधानाचार्य और उसके साथी पूर्व प्रधानाचार्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

पीड़ित पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी सबसे छोटी पुत्री अल्लीपुर के एक इंटर कॉलेज में कक्षा 11 में पढ़ती है। आरोप है कि 9 जुलाई को सुबह करीब साढ़े आठ बजे दूसरे घंटे में कॉलेज के प्रधानाचार्य महेशचंद्र शर्मा, निवासी आनंदलोक त्यागीनगर हापुड़, ने छात्रा को चॉकलेट देने के बहाने अपने ऑफिस में बुलाया। चॉकलेट लेने से मना करने पर प्रधानाचार्य ने छात्रा के साथ छेड़छाड़ की। इसके बाद छात्रा किसी तरह ऑफिस से बाहर निकलकर घर आई।

पीड़ित के अनुसार घटना के चार-पांच दिन बाद आरोपी ने छात्रा को नए कपड़े दिलाने और अन्य प्रलोभन भी दिए, जिससे छात्रा और अधिक डर गई। उसने घर पहुंचकर अपनी मझली बहन को पूरी बात बताई और कॉलेज से नाम कटवाने की इच्छा जताई। 18 जुलाई को पिता और पुत्री ने कॉलेज प्रबंधक को आरोपी के खिलाफ प्रार्थना पत्र सौंपा। आरोप है कि इसके बाद से आरोपी कॉलेज नहीं आया और प्रबंध समिति ने भी कोई कार्रवाई नहीं की।

तहरीर में यह भी कहा गया है कि प्रधानाचार्य ने अपने मित्र पूर्व प्रधानाचार्य राजकुमार शर्मा, निवासी गांव बछलौता, के माध्यम से परिवार पर दबाव बनवाया। आरोप है कि राजकुमार शर्मा ने फोन कर छात्रा को समाज में बदनाम करने और उसकी शादी न होने देने की धमकी दी।

सीओ अनीता चौहान ने बताया कि छात्रा के पिता की तहरीर के आधार पर महेशचंद्र शर्मा और राजकुमार शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।