Hapur News : हापुड़ के पुलिस अधीक्षक ज्ञानंजय सिंह ने बृहस्पतिवार को डायल 112 कार्यालय का औचक निरीक्षण किया और यहां की कार्यप्रणाली तथा व्यवस्थाओं का मूल्यांकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कंट्रोल रूम में दर्ज होने वाली शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया, पुलिस वाहनों के रिस्पांस टाइम और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई को लेकर विस्तार से समीक्षा की।
इस दौरान एसपी ने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, जरूरी अभिलेखों के रखरखाव और संचार तंत्र की स्थिति भी देखी। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि आम जनता से विनम्रता से बातचीत की जाए और हर फोन कॉल को गंभीरता से लेते हुए संवेदनशीलता के साथ तत्काल कार्रवाई की जाए।
ज्ञानंजय सिंह ने कहा कि डायल 112 सेवा आपातकाल में आम लोगों को त्वरित मदद पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसकी प्रभावी और समयबद्ध कार्यप्रणाली से जनता का पुलिस प्रशासन पर भरोसा और मजबूत होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस सेवा से जुड़ी किसी भी शिकायत में ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। अंत में उन्होंने अधिकारियों को जरूरी सुधार करने और सेवा की गुणवत्ता को निरंतर बेहतर बनाने के निर्देश दिए।


