Uttar Pradesh : बुलंदशहर में खेत पर टहल रहे किसान की गोली मारकर हत्या, कार से आए बदमाश फरार

Bulandshahar News (अवनीश त्यागी) : चोला थाना क्षेत्र के दाऊदपुर गांव में सोमवार शाम एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात उस समय हुई जब किसान अपने खेत पर टहल रहे थे। कार से आए हमलावर घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिजनों से जानकारी जुटाई।

गांव दाऊदपुर निवासी मुकेश सोलंकी, 50, गांव के बाहर श्मशान घाट के पास अपने खेत पर टहल रहे थे। इसी दौरान कार से पहुंचे बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने लगातार तीन राउंड फायर किए, जिससे मुकेश सोलंकी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक प्रताप अजेय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
एसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा और उनके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वारदात के बाद गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस रंजिश सहित अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है।



