Alpha-2 Sector: प्राधिकरण के डीजीएम ने किया सेक्टर अल्फा-2 का निरीक्षण, हर सप्ताह होगी समस्याओं की समीक्षा
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर अल्फा-2 की नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान को लेकर मंगलवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से जनसुनवाई और निरीक्षण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्राधिकरण के डीजीएम विजय रावल सहित जल विभाग, स्वास्थ्य विभाग, अर्बन विभाग और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ प्रबंधक, जूनियर इंजीनियर व सुपरवाइजर मौजूद रहे।
बैठक के दौरान सेक्टर की आरडब्ल्यूए टीम और स्थानीय निवासियों ने अधिकारियों के सामने जल निकासी, सफाई व्यवस्था, सड़कों, पार्कों, स्ट्रीट लाइट और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं। लोगों ने बताया कि इन समस्याओं के कारण सेक्टर के निवासियों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष सुभाष भाटी ने बताया कि अधिकारियों ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और समस्याओं के समयबद्ध समाधान का भरोसा दिया। प्राधिकरण की ओर से अब सेक्टर अल्फा-2 में प्रत्येक सप्ताह समीक्षा बैठक आयोजित करने की बात कही गई है। इसका उद्देश्य लंबित शिकायतों की प्रगति की नियमित निगरानी करना और समस्याओं का जल्द समाधान सुनिश्चित करना है।
अधिकारियों ने कहा कि जिन समस्याओं का तत्काल निस्तारण संभव होगा, उन्हें उसी दिन दूर करने का प्रयास किया जाएगा। इससे छोटी-छोटी नागरिक समस्याओं के समाधान के लिए लोगों को लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
बैठक के बाद डीजीएम विजय रावल ने अधिकारियों और आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के साथ पूरे सेक्टर और स्थानीय मार्केट का पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान जलभराव की स्थिति, सफाई व्यवस्था, सड़क और अन्य नागरिक सुविधाओं का मौके पर जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
इस मौके पर आरडब्ल्यूए अध्यक्ष सुभाष भाटी, महासचिव नानक पाल, हरेन्द्र डेडा, महेश, सतेन्द्र, दीपक नागर सहित अन्य स्थानीय लोग और आरडब्ल्यूए सदस्य मौजूद रहे।

