BJP Politics: मुरादाबाद दौरे में क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर को नहीं मिली अपेक्षित तवज्जो

BJP Politics: मुरादाबाद दौरे में क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर को नहीं मिली अपेक्षित तवज्जो
नोएडा : भारतीय जनता पार्टी के पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार मुरादाबाद पहुंचे नवाब सिंह नागर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम में अपेक्षित तवज्जो नहीं मिलने की चर्चा राजनीतिक गलियारों में तेज हो गई है। समीक्षा बैठक से लेकर जनसभा के मंच तक उनकी भूमिका को लेकर कई तरह की चर्चाएं होती रहीं।
जानकारी के अनुसार मुरादाबाद सर्किट हाउस में आयोजित मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक में नवाब सिंह नागर को प्रवेश नहीं मिला। हालांकि पार्टी सूत्रों का कहना है कि बैठक केवल जनप्रतिनिधियों के लिए निर्धारित थी, इसलिए संगठन के पदाधिकारियों को शामिल नहीं किया गया।
मुख्यमंत्री की जनसभा के दौरान भी मंच पर उनकी सीट स्थानीय विधायकों के बाद लगाई गई। मुख्यमंत्री के दाहिनी ओर प्रभारी मंत्री अनिल सिंह, शहर विधायक रितेश गुप्ता और कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह बैठे थे। इसके बाद क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर को स्थान दिया गया।
राजनीतिक हलकों में इस व्यवस्था को लेकर चर्चाएं जरूर हैं, हालांकि पार्टी की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।





