Electronic Park: ग्रेटर नोएडा में बनेगा यूपी का पहला इलेक्ट्रॉनिक पार्क, 4,500 करोड़ के निवेश से मिलेगा औद्योगिक विकास को नया आयाम

Electronic Park: ग्रेटर नोएडा में बनेगा यूपी का पहला इलेक्ट्रॉनिक पार्क, 4,500 करोड़ के निवेश से मिलेगा औद्योगिक विकास को नया आयाम

नोएडा। उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के सेक्टर-10 में राज्य का पहला इलेक्ट्रॉनिक पार्क स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास करेंगे। इस परियोजना में 4,500 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश प्रस्तावित है, जिससे प्रदेश में इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण को बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री का कार्यक्रम शनिवार दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच प्रस्तावित है। इस दौरान वह दो प्रमुख औद्योगिक इकाइयों का शिलान्यास करेंगे और एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में करीब पांच हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। प्रशासन ने आयोजन को लेकर सभी तैयारियां तेज कर दी हैं। पंडाल निर्माण, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

इलेक्ट्रॉनिक पार्क में प्रमुख उद्योग समूह एसेंट सर्किट्स और अंबर एंटरप्राइजेज 4,500 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करेंगे। दोनों कंपनियां यहां प्रिंटेड सर्किट बोर्ड (PCB) निर्माण इकाइयां स्थापित करेंगी। पीसीबी इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग का एक महत्वपूर्ण घटक है और मोबाइल, कंप्यूटर, उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स तथा औद्योगिक उपकरणों के निर्माण में इसकी अहम भूमिका होती है।

यह परियोजना केंद्र सरकार के ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान और उत्तर प्रदेश को इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण हब बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे प्रदेश में निवेश बढ़ने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। ग्रेटर नोएडा का सेक्टर-10 भविष्य में इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित होने की उम्मीद है।

कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा जिलाधिकारी मेधा रूपम ने भी लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, बिजली और अन्य व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए हैं ताकि मुख्यमंत्री का दौरा और शिलान्यास कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img