Noida Assault Case: बिजली कटने से नाराज महिला ने मेंटेनेंस कर्मचारी को 48 सेकेंड में जड़े 23 थप्पड़ 23 थप्पड़

Noida Assault Case: बिजली कटने से नाराज महिला ने मेंटेनेंस कर्मचारी को 48 सेकेंड में जड़े 23 थप्पड़

नोएडा के सेक्टर-74 स्थित सुपरटेक केपटाउन सोसाइटी में बिजली कटने से नाराज एक महिला ने मेंटेनेंस कार्यालय में तैनात कर्मचारी के साथ मारपीट कर दी। महिला ने गुस्से में आकर कर्मचारी को 48 सेकेंड के अंदर 23 थप्पड़ जड़ दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि बाद में दोनों को जमानत मिल गई।

पुलिस के अनुसार सोसाइटी के सीवी-7 टावर में किराये के फ्लैट में रहने वाली ज्योति मिश्रा का डीजी (डीजल जनरेटर) कनेक्शन नहीं लिया हुआ था। बीते शनिवार तड़के करीब तीन बजे उनके फ्लैट की बिजली चली गई। काफी देर तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होने पर महिला अपने साथी अमित के साथ मेंटेनेंस कार्यालय पहुंच गई।

आरोप है कि कार्यालय पहुंचते ही महिला की वहां तैनात कर्मचारी कमल से कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया। महिला ने गुस्से में कर्मचारी पर थप्पड़ बरसाने शुरू कर दिए। मौके पर मौजूद लोगों ने महिला को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह लगातार कर्मचारी को थप्पड़ मारती रही।

वीडियो में दिखाई दे रहा है कि महिला का साथी अमित भी इस दौरान उसका साथ दे रहा था। महिला ने करीब 48 सेकेंड में कर्मचारी को 23 थप्पड़ मारे। कर्मचारी खुद को बचाने की कोशिश करता रहा और लोगों से मदद की गुहार लगाता रहा, लेकिन महिला नहीं रुकी।

घटना का वीडियो मंगलवार सुबह सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो गया। करीब एक मिनट पांच सेकेंड के वीडियो में महिला को कार्यालय में पहुंचकर कर्मचारी के साथ मारपीट करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने नोएडा पुलिस के अधिकारियों को टैग कर आरोपी महिला और उसके साथी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

सेक्टर-113 थाना पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए महिला और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि महिला एक निजी कंपनी में नौकरी करती है। पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की है। हालांकि बाद में दोनों आरोपियों को जमानत मिल गई।

पीड़ित कर्मचारी कमल ने बताया कि घटना का वीडियो वायरल होने के बाद उसकी काफी बदनामी हुई है। उसने महिला के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। कर्मचारी का कहना है कि विवाद का समाधान बातचीत से किया जा सकता था, लेकिन महिला ने गुस्से में आकर उसके साथ मारपीट की।

मनोवैज्ञानिक विशेषज्ञों का कहना है कि विवाद की स्थिति में तुरंत हिंसक प्रतिक्रिया देना भावनाओं पर नियंत्रण खोने का संकेत हो सकता है। जीबीयू के मनोविज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष आनंद प्रताप सिंह ने बताया कि ऐसे मामलों में व्यक्ति को पहले स्थिति को शांत करने की कोशिश करनी चाहिए और बहस को बढ़ाने से बचना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति में बार-बार आक्रामक व्यवहार करने की प्रवृत्ति दिखाई देती है तो उसे मनोवैज्ञानिक सलाह लेने की जरूरत हो सकती है। विवादों को बातचीत और समझदारी से हल करना ही बेहतर तरीका है।

नोएडा की सोसाइटियों में कर्मचारियों के साथ मारपीट के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। वर्ष 2021 में सेक्टर-110 मार्केट में किराये को लेकर हुए विवाद में एक महिला द्वारा ऑटो चालक से मारपीट का मामला सामने आया था। वर्ष 2022 में सेक्टर-126 स्थित जेपी विशटाउन सोसाइटी में प्रवेश विवाद के दौरान महिला द्वारा सुरक्षा गार्ड को थप्पड़ मारने का मामला सामने आया था।

वर्ष 2023 में ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक सोसाइटी में मेंटेनेंस शुल्क और सेवाओं को लेकर विवाद में महिला द्वारा कर्मचारी से मारपीट की घटना सीसीटीवी में कैद हुई थी। वहीं वर्ष 2024 में सेक्टर-137 में पार्किंग विवाद को लेकर महिला द्वारा थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल हुआ था।

 

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img