Noida: सेंचुरी अपार्टमेंट में युवक ने खुद को मारी गोली, इलाज के दौरान मौत; पुलिस जांच में जुटी

Noida: सेंचुरी अपार्टमेंट में युवक ने खुद को मारी गोली, इलाज के दौरान मौत; पुलिस जांच में जुटी

नोएडा। सेक्टर-100 स्थित सेंचुरी अपार्टमेंट में बुधवार देर रात एक युवक द्वारा खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल से एक अवैध तमंचा बरामद किया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 41 वर्षीय लोकेश पाठक के रूप में हुई है, जो मूल रूप से अलीगढ़ जिले के करोड़ियाज क्षेत्र के निवासी थे। बताया गया है कि लोकेश का अलीगढ़ में अपना व्यापार था। बुधवार रात वह नोएडा के सेक्टर-100 स्थित सेंचुरी अपार्टमेंट में अपनी बहन के घर पहुंचे थे।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लोकेश अपने साथ एक अवैध तमंचा भी लेकर आए थे और उस समय नशे की हालत में थे। परिवार के लोगों के अनुसार, घर पहुंचने के बाद उन्होंने अपनी बहन और अन्य परिजनों से बातचीत की। इसके बाद वह आराम करने के लिए एक कमरे में चले गए।

कुछ देर बाद अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर परिवार के सदस्य कमरे की ओर दौड़े तो देखा कि लोकेश खून से लथपथ हालत में पड़े हुए थे। परिजनों ने बिना देर किए उन्हें सेक्टर-110 स्थित यथार्थ अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया। हालांकि गंभीर चोट लगने के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी और इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमरे का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए और घटनास्थल से अवैध तमंचा बरामद किया। अधिकारियों ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। कोतवाली सेक्टर-39 के प्रभारी निरीक्षक डी.पी. शुक्ला ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शुरुआती जानकारी के अनुसार मृतक पारिवारिक विवादों के कारण मानसिक तनाव में थे। हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img