Baby Missing Case: टीका लगवाने के बहाने 6 माह का मासूम लापता, सरकारी कर्मचारी बनकर आई महिला पर बच्चे को ले जाने का आरोप

Baby Missing Case: टीका लगवाने के बहाने 6 माह का मासूम लापता, सरकारी कर्मचारी बनकर आई महिला पर बच्चे को ले जाने का आरोप
रिपोर्ट: रवि डालमिया
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 6 माह का एक मासूम बच्चा रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। परिवार ने आरोप लगाया है कि खुद को सरकारी सर्वे कर्मचारी बताने वाली एक महिला बच्चे को टीका लगवाने के बहाने जीटीबी अस्पताल लेकर गई और फिर वहां से बच्चे को लेकर फरार हो गई। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, सीलमपुर के जे-ब्लॉक इलाके में रहने वाली नाजरीन अपने 6 माह के बेटे आरान के साथ घर पर थीं। परिवार का कहना है कि पिछले तीन से चार दिनों से करीब 27 वर्षीय एक महिला लगातार उनके घर आ रही थी। वह खुद को सरकारी सर्वे करने वाली कर्मचारी बताती थी और इलाके में बच्चों से जुड़ी जानकारी जुटाने की बात कहती थी। महिला ने धीरे-धीरे परिवार का विश्वास जीत लिया और घर के लोगों से घुलमिल गई।
परिजनों के अनुसार, घटना वाले दिन सुबह करीब 11 बजे महिला एक बार फिर नाजरीन के घर पहुंची। उसने कहा कि बच्चे को टीका लगवाने के लिए जीटीबी अस्पताल ले जाना जरूरी है। महिला की बातों पर भरोसा कर नाजरीन उसके साथ अस्पताल चली गईं। बताया जा रहा है कि अस्पताल पहुंचने के बाद महिला ने नाजरीन से कहा कि वह बच्चे को टीका लगवाकर तुरंत वापस लेकर आएगी।
मां ने महिला पर भरोसा करते हुए मासूम आरान को उसके हवाले कर दिया। लेकिन काफी देर बीत जाने के बाद जब महिला और बच्चा वापस नहीं लौटे तो नाजरीन घबरा गईं। उन्होंने अस्पताल परिसर में महिला और बच्चे की तलाश शुरू की, लेकिन दोनों का कहीं कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और परिवार के बयान दर्ज किए। पुलिस ने अस्पताल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि महिला की पहचान करने और बच्चे को जल्द बरामद करने के लिए कई टीमों को लगाया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि महिला किसी गिरोह का हिस्सा तो नहीं थी और क्या उसने पहले भी ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया है।
घटना के बाद इलाके में डर और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अज्ञात लोगों पर भरोसा करना कितना खतरनाक साबित हो सकता है, यह घटना उसका बड़ा उदाहरण है। वहीं परिवार ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द बच्चे को सुरक्षित वापस लाने की गुहार लगाई है।
Delhi Murder Case: प्रीत विहार में पार्किंग विवाद बना खूनी झगड़ा, फायरिंग में युवक की मौत





