Noida Police Meeting: नोएडा में पुलिस और आरडब्ल्यूए की अहम बैठक, सुरक्षा, ट्रैफिक और किरायेदार सत्यापन पर हुई बड़ी चर्चा
Noida Police Meeting: नोएडा में पुलिस और आरडब्ल्यूए की अहम बैठक, सुरक्षा, ट्रैफिक और किरायेदार सत्यापन पर हुई बड़ी चर्चा
नोएडा शहर में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से डीसीपी नोएडा साद मियां खान की मौजूदगी में फोनरवा और विभिन्न आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक जाम, असामाजिक गतिविधियों और किरायेदार सत्यापन जैसे कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में अपर उपायुक्त मनीषा सिंह, एसीपी प्रवीण कुमार सिंह, अनिल कुमार पांडे, राकेश प्रताप सिंह सहित विभिन्न थानों के प्रभारी और कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान शहर के विभिन्न सेक्टरों की समस्याओं को लेकर आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने पुलिस अधिकारियों के सामने अपनी चिंताएं रखीं।
बैठक में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने, ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने, असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण करने, घरेलू सहायकों और किरायेदारों के सत्यापन अभियान को तेज करने तथा महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने जैसे मुद्दों पर विशेष जोर दिया गया। आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने बताया कि कई सेक्टरों में शराब की दुकानों के आसपास लोग खुलेआम शराब पीते हैं, जिससे महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और स्थानीय निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
इसके अलावा सेक्टर-12, 19, 29, 37, 55, 56, 62 और 117 समेत कई इलाकों में बढ़ती ट्रैफिक जाम की समस्या को लेकर भी चर्चा हुई। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने पुलिस अधिकारियों से स्थायी समाधान की मांग की। वहीं सेक्टर-39, 40 और 50 में स्कूल बसों की वजह से लगने वाले जाम को कम करने के लिए स्कूल बसों के लिए अलग स्टॉप और पार्किंग स्थल निर्धारित करने का सुझाव दिया गया।
फोनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा ने पुलिस विभाग की सक्रिय कार्यशैली की सराहना करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने में आरडब्ल्यूए की ओर से पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया। वहीं फोनरवा महासचिव केके जैन ने सुझाव दिया कि सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों की आरडब्ल्यूए के साथ हर महीने नियमित बैठक करें, ताकि पुलिस और आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय और विश्वास कायम हो सके।
बैठक में उठाए गए सभी मुद्दों को सुनने के बाद डीसीपी साद मियां खान ने भरोसा दिलाया कि सभी समस्याओं पर प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर में सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए नागरिकों की भागीदारी बेहद जरूरी है। साथ ही पुलिस विभाग की ओर से आरडब्ल्यूए के साथ नियमित संवाद और मासिक बैठकों का भी आश्वासन दिया गया।


