Greater Noida West: ग्रेनो वेस्ट में ड्रेन ओवरफ्लो से राहत की उम्मीद, एसीईओ ने एक सप्ताह में डीप क्लीनिंग के दिए निर्देश

Greater Noida West: ग्रेनो वेस्ट में ड्रेन ओवरफ्लो से राहत की उम्मीद, एसीईओ ने एक सप्ताह में डीप क्लीनिंग के दिए निर्देश

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में लंबे समय से बनी ड्रेन ओवरफ्लो की समस्या को लेकर कासा ग्रीन्स-1 के निवासियों ने गुरुवार को प्राधिकरण कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। लोगों ने गंदे पानी की समस्या से राहत दिलाने के लिए मुख्य नाले और सर्विस रोड की ड्रेन लाइन की डीप क्लीनिंग कराने की मांग उठाई। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए एसीईओ ने अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सफाई कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

जनसुनवाई के दौरान स्थानीय निवासी महेश यादव, पीके श्रीवास्तव, अशोक श्रीवास्तव, माया शंकर श्रीवास्तव, अनुपमा मिश्रा और सुधीर कुलश्रेष्ठ ने सोसाइटी से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।

निवासी अनुपमा मिश्रा ने बताया कि ड्रेन ओवरफ्लो होने के कारण गंदा पानी लगातार सर्विस रोड पर फैल रहा है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने निराला एस्पायर, अजनारा ली गार्डन, विक्ट्री अमारा, कासा ग्रीन्स और ला सोलरा को जोड़ने वाली ड्रेन लाइन तथा मुख्य नाले की सफाई कराने की मांग की।

लोगों का कहना है कि लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण ड्रेन का फ्लो बाधित हो गया है, जिसकी वजह से पानी सड़कों पर भर रहा है और बदबू के साथ बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

जनसुनवाई के दौरान एसीईओ सुमित यादव ने संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया। इस पर वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर ने बताया कि ड्रेन रिपेयर, कवरिंग और उसकी ऊंचाई बढ़ाने का कार्य शुरू कर दिया गया है।

एसीईओ ने अधिकारियों को शुक्रवार से ही ड्रेन और मुख्य नाले की डीप क्लीनिंग शुरू करने और एक सप्ताह के भीतर पूरा कार्य समाप्त करने के निर्देश दिए हैं। स्थानीय निवासियों को उम्मीद है कि जल्द ही उन्हें इस समस्या से राहत मिलेगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img