Vaidhpura Murder Case: वैदपुरा हत्याकांड में पुलिस मुठभेड़, चाचा-भतीजे के पैर में लगी गोली, दो गिरफ्तार

Vaidhpura Murder Case: वैदपुरा हत्याकांड में पुलिस मुठभेड़, चाचा-भतीजे के पैर में लगी गोली, दो गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा के वैदपुरा गांव में कंपनीकर्मी युवक दीपक नागर की हत्या के मामले में ईकोटेक-3 कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार को पुलिस मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायलों की पहचान हर्ष उर्फ राधे और उसके चाचा जगत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस और बदमाशों के बीच डी-पार्क सर्विस रोड के पास मुठभेड़ हुई।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने करीब 14 साल पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए दीपक नागर की हत्या की थी।
इस मामले में पुलिस पहले ही नवीन, अभी उर्फ अभय, आकाश और मोगली उर्फ पवन को गिरफ्तार कर चुकी है। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
गौरतलब है कि वैदपुरा गांव निवासी दीपक नागर की गांव के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने हत्या, षड्यंत्र और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी थी। पुलिस आरोपियों से हत्या की साजिश, पुरानी रंजिश और घटना में इस्तेमाल किए गए हथियारों को लेकर पूछताछ कर रही है।
वहीं हत्या से नाराज ग्रामीणों ने गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे वैदपुरा गोल चक्कर पर शव रखकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के कारण करीब 45 मिनट तक यातायात बाधित रहा। ग्रामीणों ने आरोपियों के एनकाउंटर और उनके घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा समझाने और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद परिजन शांत हुए। बाद में जब परिजनों को दो आरोपियों की मुठभेड़ में गिरफ्तारी की जानकारी दी गई, तब वे अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।





