Murshadpur Village Panchayat: मुरशदपुर गांव की पंचायत का बड़ा फैसला, शादियों में DJ और फिजूलखर्ची पर रोक

Murshadpur Village Panchayat: मुरशदपुर गांव की पंचायत का बड़ा फैसला, शादियों में DJ और फिजूलखर्ची पर रोक

गौतमबुद्धनगर के मुरशदपुर गांव में दहेज प्रथा और शादियों में बढ़ती फिजूलखर्ची को रोकने के लिए एक अहम पंचायत आयोजित की गई। पंचायत में ग्रामीणों और समाज के प्रमुख लोगों ने मिलकर विवाह समारोहों में होने वाले अनावश्यक खर्चों को कम करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण फैसले लिए। इन फैसलों को लेकर गांव में चर्चा तेज है और जागरूकता फैलाने के लिए सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल किए जा रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में शादी-विवाह के कार्यक्रमों में दिखावे और खर्च का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे आम परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। इसी समस्या को देखते हुए पंचायत में सामाजिक सुधार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

पंचायत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अब गांव में शादी-विवाह या किसी भी पारिवारिक समारोह में DJ नहीं बजाया जाएगा। बारात में भी DJ ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया गया है।

इसके अलावा विवाह से जुड़ी पारंपरिक रस्मों में भी सीमित लोगों की भागीदारी तय की गई है। पंचायत के अनुसार बहन द्वारा भाई के घर भात नौतने की रस्म में केवल परिवार के सदस्य ही शामिल होंगे। साथ ही भात देने जाने वाले लोगों की संख्या भी सीमित रखी जाएगी।

ग्रामीणों ने यह भी तय किया कि बहन पक्ष की ओर से दिए जाने वाले मिठाई, गिफ्ट और अन्य सामान को स्वीकार नहीं किया जाएगा। पंचायत में विवाह समारोहों और बारात में शामिल होने वाले लोगों की संख्या सीमित रखने पर भी सहमति बनी।

गांव के लोगों का कहना है कि इन फैसलों का उद्देश्य सामाजिक दिखावे को कम करना और गरीब व मध्यमवर्गीय परिवारों पर पड़ने वाले आर्थिक दबाव को घटाना है। पंचायत ने पहले गांव स्तर पर इन नियमों को लागू करने का निर्णय लिया है।

इसके लिए लोगों को समझाने और जागरूक करने का अभियान भी शुरू किया गया है। सोशल मीडिया के माध्यम से पंचायत के फैसलों को अन्य गांवों तक पहुंचाया जा रहा है, ताकि दूसरे गांव भी ऐसी पहल कर सकें। ग्रामीणों ने बताया कि आसपास के गांवों के प्रमुख लोगों से संपर्क कर उन्हें भी इसी तरह की पंचायत आयोजित करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img