उत्तर प्रदेशराज्य

Apna Ghar Ashram: नोएडा के अपना घर आश्रम में महिला की मौत, बीमारी के चलते जिला अस्पताल में तोड़ा दम

Apna Ghar Ashram: नोएडा के अपना घर आश्रम में महिला की मौत, बीमारी के चलते जिला अस्पताल में तोड़ा दम

नोएडा : सेक्टर-34 स्थित अपना घर आश्रम में रह रही 25 वर्षीय महिला की मंगलवार सुबह बीमारी के चलते मौत हो गई। महिला की अचानक तबीयत बिगड़ने पर आश्रम की केयरटेकर ने उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान जया के रूप में हुई है, जो पिछले करीब दो महीने से सेक्टर-34 स्थित आश्रम में रह रही थी। जानकारी के मुताबिक हापुड़ जिले के पिलखुवा थाना पुलिस ने 13 मार्च 2026 को जया को आश्रम में भर्ती कराया था। हालांकि अब तक पुलिस महिला के परिवार या परिजनों के बारे में कोई जानकारी नहीं जुटा पाई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जया के पास से भी परिवार से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिल सकी थी। मंगलवार सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद आश्रम की केयरटेकर ने तत्काल उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

आश्रम प्रबंधन के मुताबिक जया टीबी की बीमारी से पीड़ित थीं और उनका नियमित मेडिकल चेकअप कराया जा रहा था। संस्था का कहना है कि समय-समय पर डॉक्टरों द्वारा उनकी जांच की जाती थी और इलाज भी चल रहा था।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और महिला के परिजनों का पता लगाने का प्रयास जारी है।

Related Articles

Back to top button