Deepika Nagar Case: दीपिका नागर मौत मामला: बहन की इंसाफ की गुहार, बोली- ‘मेरी बहन को बेरहमी से मारा गया’

Deepika Nagar Case: दीपिका नागर मौत मामला: बहन की इंसाफ की गुहार, बोली- ‘मेरी बहन को बेरहमी से मारा गया’

नोएडा : ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव में 25 वर्षीय विवाहिता दीपिका नागर की संदिग्ध मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद मृतका के परिवार ने ससुराल पक्ष पर हत्या और दहेज प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस घटना के बाद परिवार में गहरा आक्रोश है और दीपिका की बहन सारिका नागर ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

परिवार का दावा है कि दीपिका की मौत सामान्य हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है। सारिका नागर ने रोते हुए कहा कि उनकी बहन के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि दीपिका को लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। सारिका के अनुसार, घटना से कुछ घंटे पहले ही उनकी दीपिका से बात हुई थी, जिसमें उसने खुद को परेशान बताया था।

सारिका ने कहा कि यदि परिवार को पहले स्थिति की गंभीरता का अंदाजा होता तो वे दीपिका को अपने घर ले आते। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष लगातार दहेज को लेकर ताने देता था और अतिरिक्त मांगें कर रहा था। परिवार का कहना है कि शादी में भारी खर्च के बावजूद ससुराल वाले फॉर्च्यूनर कार और 50 लाख रुपये की मांग कर रहे थे।

दीपिका के पिता संजय नागर के मुताबिक दिसंबर 2024 में दीपिका की शादी ऋतिक से हुई थी। शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। परिवार का दावा है कि घटना वाले दिन दीपिका ने फोन कर बताया था कि उसके साथ मारपीट की जा रही है। कुछ समय बाद सूचना मिली कि वह छत से गिर गई है। जब परिवार अस्पताल पहुंचा तो दीपिका मृत अवस्था में मिली।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर कई गंभीर चोटों का जिक्र किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार शरीर पर बड़े-बड़े चोट और दबाव के निशान, सिर में गंभीर चोट, अंदरूनी रक्तस्राव और सीने के अंदर खून जमा होने जैसी बातें सामने आई हैं। परिवार का कहना है कि तीसरी मंजिल से गिरने की स्थिति में जिस तरह की चोटें होती हैं, वैसी चोटें रिपोर्ट में नहीं दिख रही हैं। इसी आधार पर परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।

दीपिका के चाचा विशेष नागर ने भी दावा किया कि शरीर पर फ्रैक्चर नहीं थे, जबकि पुलिस की शुरुआती जानकारी में छत से गिरने की बात कही गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले दीपिका की हत्या की गई और बाद में मामले को आत्महत्या या हादसा दिखाने की कोशिश की गई।

पुलिस ने इस मामले में मृतका के पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अन्य आरोपों और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img