Chotpur Colony Case: कॉल कर बुलाई युवती अगले दिन मृत मिली, युवक हिरासत में

Chotpur Colony Case: कॉल कर बुलाई युवती अगले दिन मृत मिली, युवक हिरासत में

नोएडा। चोटपुर कॉलोनी में एक युवक द्वारा कमरे पर बुलाई गई युवती गुरुवार सुबह संदिग्ध हालत में मृत मिली। घटना के बाद पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामला थाना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

पुलिस के अनुसार, चोटपुर कॉलोनी में किराये के मकान में रहने वाला युवक एक निजी फैक्टरी में काम करता है। युवक गुरुवार सुबह थाने पहुंचा और बताया कि उसने बुधवार रात एक युवती को कॉल कर अपने कमरे पर बुलाया था। रात में दोनों ने शराब पी और बाद में सो गए। सुबह जब वह फैक्टरी जाने के लिए उठा तो युवती को जगाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं उठी। युवक ने बताया कि युवती के एक कान से खून निकल रहा था, जिसके बाद वह घबरा गया और पुलिस को सूचना दी।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल की वीडियोग्राफी कराई गई और जरूरी साक्ष्य जुटाए गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पूछताछ में युवक ने पुलिस को बताया कि वह युवती का नाम और पता नहीं जानता। उसने यह भी कहा कि इससे पहले भी वह युवती को दो-तीन बार अपने कमरे पर बुला चुका था। पुलिस को युवती के पास से कोई पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं मिला है।

हत्या की आशंका

स्थानीय लोगों ने मामले में हत्या की आशंका जताई है। पुलिस का कहना है कि युवती के कान से खून निकलने के कारण मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। फिलहाल युवक से लगातार पूछताछ की जा रही है और युवती की पहचान मोबाइल फोन के जरिए करने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img