राज्यउत्तर प्रदेश

Noida Power Supply नोएडा में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए बढ़ाई जा रही उपकेंद्रों की क्षमता

Noida Power Supply नोएडा में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए बढ़ाई जा रही उपकेंद्रों की क्षमता

नोएडा में बढ़ती गर्मी और लगातार बढ़ रही बिजली मांग को देखते हुए पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम ने बिजली ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। शहर में उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति देने के लिए 32 बिजली उपकेंद्रों की क्षमता बढ़ाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इनमें से करीब 10 उपकेंद्रों पर काम अंतिम चरण में पहुंच चुका है।

विद्युत निगम के अधिकारियों के अनुसार स्काडा योजना के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बिजली ढांचे को आधुनिक और अधिक सक्षम बनाया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत पुराने ट्रांसफार्मरों को बदलकर उनकी क्षमता बढ़ाई जा रही है, ताकि अधिक लोड के दौरान भी बिजली आपूर्ति बाधित न हो।

अधिकारियों ने बताया कि कई उपकेंद्रों पर पांच एमवीए क्षमता वाले पुराने ट्रांसफार्मरों की जगह अब 10 एमवीए क्षमता के नए ट्रांसफार्मर लगाए जा रहे हैं। इससे बिजली आपूर्ति का संतुलन बेहतर होगा और उपभोक्ताओं को गर्मियों में राहत मिलेगी।

विवेक कुमार पटेल ने बताया कि शहर में तेजी से बढ़ती आबादी, नए आवासीय और व्यावसायिक प्रोजेक्ट्स तथा उद्योगों के विस्तार के कारण बिजली की खपत में भारी बढ़ोतरी हुई है। ऐसे में बिजली ढांचे की क्षमता बढ़ाना बेहद जरूरी हो गया था।

उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत बिजली लाइनों और उपकेंद्रों के उन्नयन को प्राथमिकता दी जा रही है। इससे न केवल बिजली आपूर्ति में सुधार होगा बल्कि नोएडा के विकास को भी गति मिलेगी और शहर को अधिक भरोसेमंद बिजली व्यवस्था मिल सकेगी।

विद्युत निगम ने ट्रांसफार्मरों को गर्मी से बचाने के लिए विशेष कूलिंग उपाय भी शुरू किए हैं। गर्मियों में ट्रांसफार्मरों के अधिक गर्म होकर फुंकने की घटनाओं को रोकने के लिए अब उपकेंद्रों पर एयर कूलर लगाए जा रहे हैं। जिले में 100 से अधिक उपकेंद्रों पर पांच एमवीए से लेकर 10 एमवीए क्षमता तक के ट्रांसफार्मर लगे हुए हैं, जिनसे हजारों छोटे-बड़े ट्रांसफार्मर जुड़े हैं।

अधिकारियों के मुताबिक सेक्टर-79, सेक्टर-58, सेक्टर-62 सी ब्लॉक, सेक्टर-6, सेक्टर-80, सेक्टर-18, सेक्टर-16, सेक्टर-124, सेक्टर-84 और सेक्टर-38 के बिजली उपकेंद्रों पर क्षमता वृद्धि का कार्य किया जा रहा है। इन क्षेत्रों में रहने वाले उपभोक्ताओं को इस योजना का सीधा लाभ मिलेगा।

विद्युत निगम का कहना है कि गर्मियों के दौरान शहर में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं और इसके लिए आवश्यक बजट भी मंजूर किया जा चुका है।

Related Articles

Back to top button