Akshardham Traffic Jam: अक्षरधाम से चिल्ला बॉर्डर तक लंबा जाम, घंटों फंसे वाहन चालक
रिपोर्ट: रवि डालमिया
Delhi के अक्षरधाम से Chilla Border तक भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है, जिससे हजारों वाहन चालक परेशान हो रहे हैं। सुबह करीब 10 बजे शुरू हुआ यह जाम कई घंटों बाद भी खत्म नहीं हो पाया, जिसके चलते लोगों को ऑफिस और अन्य जरूरी कामों के लिए समय पर पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मौके पर मौजूद वाहन चालकों का कहना है कि वे 1 से 2 घंटे से जाम में फंसे हुए हैं। जाम के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और ट्रैफिक पूरी तरह धीमी गति से चल रहा है।
जानकारी के अनुसार इस जाम की एक बड़ी वजह Noida की ओर लेबरों की हड़ताल बताई जा रही है, जिससे ट्रैफिक मूवमेंट बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इसके अलावा मौके पर ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और ट्रैफिक स्टाफ की कमी भी देखने को मिली, जिससे हालात और बिगड़ गए।
स्थिति को संभालने के लिए Delhi Traffic Police द्वारा अक्षरधाम के पास बैरिकेडिंग कर चिल्ला बॉर्डर की ओर जाने वाले रास्ते को बंद कर दिया गया है और ट्रैफिक को अन्य मार्गों पर डायवर्ट किया जा रहा है, ताकि लोगों को जाम से राहत मिल सके।
फिलहाल प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और ट्रैफिक को सामान्य करने के प्रयास जारी हैं। वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और अनावश्यक रूप से इस रूट पर आने से बचें।


