राज्यउत्तर प्रदेश

Mohsina Kidwai: कांग्रेस नेता मोहसिना किदवई का निधन: नोएडा निवास पर अंतिम दर्शन, मल्लिकार्जुन खड़गे ने दी श्रद्धांजलि

Mohsina Kidwai: कांग्रेस नेता मोहसिना किदवई का निधन: नोएडा निवास पर अंतिम दर्शन, मल्लिकार्जुन खड़गे ने दी श्रद्धांजलि

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई का नोएडा के सेक्टर 40 स्थित उनके आवास पर निधन हो गया, जिससे राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन की खबर मिलते ही कांग्रेस समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता उनके आवास पर पहुंचने लगे और परिजनों को सांत्वना दी।

मोहसिना किदवई लंबे समय से अपने परिवार के साथ नोएडा में रह रही थीं। उनके निधन की सूचना मिलते ही कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने गहरा दुख व्यक्त किया और उन्हें भारतीय राजनीति की एक मजबूत, सैद्धांतिक और जनसेवा के प्रति समर्पित शख्सियत बताया।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे स्वयं अपनी टीम के साथ नोएडा पहुंचे और मोहसिना किदवई के अंतिम दर्शन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मोहसिना किदवई केवल एक राजनेता नहीं थीं, बल्कि वे भारतीय राजनीति में शुचिता, संघर्ष और वैचारिक स्पष्टता की प्रतीक थीं। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जब राजनीति में मूल्यों का क्षरण देखा जा रहा है, उनका जाना एक अपूरणीय क्षति है।

खरगे ने यह भी कहा कि मोहसिना किदवई ने अपने राजनीतिक जीवन में गांधीवादी विचारधारा और संवैधानिक मूल्यों को मजबूती से आगे बढ़ाया। एक केंद्रीय मंत्री के रूप में उनके कार्यकाल ने यह साबित किया कि सत्ता का उपयोग किस तरह जनसेवा के लिए समर्पित होकर किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी जीवन यात्रा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनी रहेगी।

उनके निधन पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी, राज्यसभा सांसद मुकुल वासनिक, जयराम रमेश, तनुज पुनिया, राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया शिंदे, पूर्व सांसद संदीप दीक्षित सहित कई नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और सामाजिक संगठनों ने भी उनके निधन को देश की राजनीति के लिए बड़ी क्षति बताया है।

नोएडा स्थित उनके आवास पर लगातार लोगों का आना-जाना जारी रहा, जहां सभी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में उनकी भूमिका को हमेशा याद रखा जाएगा।

Related Articles

Back to top button