Noida Development Budget: 10274 करोड़ मंजूर, स्पोर्ट्स सिटी को ग्रीन सिग्नल, एयरपोर्ट विस्तार को फंड

Noida Development Budget: 10274 करोड़ मंजूर, स्पोर्ट्स सिटी को ग्रीन सिग्नल, एयरपोर्ट विस्तार को फंड
नोएडा प्राधिकरण बोर्ड की अहम बैठक में शहर के व्यापक विकास के लिए 10,274 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दे दी गई है। इस फैसले के साथ ही कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति मिलने जा रही है, जिससे इंफ्रास्ट्रक्चर, रियल एस्टेट और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
बैठक में सबसे बड़ा फैसला स्पोर्ट्स सिटी परियोजना को लेकर लिया गया, जहां सेक्टर-78, 79, 150 और 152 में स्थित सभी प्लॉट्स के नक्शों पर लगी रोक हटा दी गई है। इससे करीब 40 हजार से अधिक फ्लैट खरीदारों को राहत मिलेगी। हालांकि, नक्शों की मंजूरी सशर्त (कंडिशनल) होगी, यानी बिल्डरों को बकाया राशि का कुछ हिस्सा पहले प्राधिकरण में जमा करना होगा, तभी आगे निर्माण कार्य शुरू किया जा सकेगा।
न्यू नोएडा के विकास को लेकर भी बड़ा निर्णय लिया गया है। यहां किसानों को मिलने वाले मुआवजे की दर को यमुना विकास प्राधिकरण के समान रखने पर सहमति बनी है। इस प्रस्ताव को अब शासन के पास अंतिम मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।
बैठक में कुल 19 पूरक और करीब 28 अनुपूरक प्रस्तावों पर चर्चा की गई, जिनमें से अधिकांश को मंजूरी दे दी गई। बैठक की अध्यक्षता आईडीसी चेयरमैन दीपक कुमार ने की, जिसमें कई बड़े विकास कार्यों को हरी झंडी दी गई।
शहर के महत्वपूर्ण स्थलों के विकास पर भी जोर दिया गया है। सेक्टर-95 स्थित दलित प्रेरणा स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए 92 करोड़ रुपये का बजट पास किया गया है। वहीं, अग्नि सुरक्षा को मजबूत करने के लिए 154 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिसमें 102 मीटर ऊंचाई तक काम करने वाले दो हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म समेत अत्याधुनिक उपकरण खरीदे जाएंगे।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के विस्तार, खासतौर पर फेज-2 के लिए 715 करोड़ 68 लाख रुपये का बजट भी स्वीकृत किया गया है। इस परियोजना की कुल लागत लगभग 1500 करोड़ रुपये के आसपास बताई जा रही है, जिसमें से करीब 600 करोड़ रुपये पहले ही विभिन्न किस्तों में जारी किए जा चुके हैं। निर्माण निगम द्वारा 30 और 17 करोड़ रुपये के अतिरिक्त प्रस्ताव भी दिए गए हैं, जिन्हें मंजूरी के लिए बोर्ड के सामने रखा जाएगा।
गौरतलब है कि इस बार प्राधिकरण ने आवंटन दरों में किसी भी तरह की बढ़ोतरी नहीं की है, जिससे निवेशकों और खरीदारों को फिलहाल राहत मिली है। कुल मिलाकर, यह बजट नोएडा को एक आधुनिक और सुव्यवस्थित शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।





