Noida Airport controversy: कांग्रेस ने कहा नोएडा एयरपोर्ट के लिए किसानों को उजाड़कर भाजपा ने किया विकास का दावा

Noida Airport controversy: कांग्रेस ने कहा नोएडा एयरपोर्ट के लिए किसानों को उजाड़कर भाजपा ने किया विकास का दावा
नोएडा। गौतमबुद्ध नगर जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्र की मोदी सरकार और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर किसानों और स्थानीय निवासियों के अधिकारों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता आयोजित की। कांग्रेस ने कहा कि नोएडा एयरपोर्ट परियोजना के लिए स्थानीय किसानों को जबरन भूमि से बेदखल किया गया, लेकिन भाजपा इसे विकास का नाम देकर जनता को भ्रमित कर रही है।
जिला अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने पत्रकार वार्ता में कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकारें पूरी तरह जनविरोधी नीतियों पर काम कर रही हैं। आम जनता, विशेषकर किसानों और स्थानीय निवासियों की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री गौतमबुद्ध नगर का कई बार दौरा करते हैं, लेकिन किसानों से मिलने या उनकी समस्याएं सुनने का समय नहीं निकालते। आंदोलन कर रहे किसानों और कार्यकर्ताओं को दबाव बनाने और डराने के लिए लखनऊ बुलाया जाता है, जबकि किसानों का शोषण करने वाले अधिकारियों को संरक्षण मिलता है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं को एयरपोर्ट उद्घाटन के पहले ही नजरबंद कर दिया जाता है। 28 मार्च को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के जेवर एयरपोर्ट उद्घाटन कार्यक्रम में जिला कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल किसानों के अधिकारों और न्याय की मांग करेगा।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधि अब केवल मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के साथ फोटो खिंचवाने तक सीमित रह गए हैं, जिससे जनता ठगा हुआ महसूस कर रही है। उन्होंने भूमि अधिग्रहण के बदले मिलने वाले 10 फीसदी भूखंड की लंबित शिकायतों और 2017 से पड़ी किसान आबादी निस्तारण की समस्याओं को उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि नोएडा एयरपोर्ट परियोजना से प्रभावित किसानों के साथ दमनात्मक रवैया अपनाया जा रहा है और उनके अधिकारों का हनन हो रहा है।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि औद्योगिक शहर होने के बावजूद स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता नहीं दी जा रही। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरणों में भ्रष्टाचार और मनमानी नीतियां चरम पर हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी सीवर, सड़क और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। पत्रकार वार्ता में दुष्यंत नागर, मुकेश शर्मा, नीरज लोहिया, महाराज सिंह नागर, श्रुति कुमारी, अरुण गुर्जर, गौतम सिंह, आरके प्रथम, देवेश चौधरी, पुनीत मावी, सुबोध भट्ट, रमेश वाल्मीकि, सचिन जीनवाल, अमित कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे।





