Bawana Murder Case: दिल्ली के बवाना में ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा, चार नाबालिग आरोपी गिरफ्तार

Bawana Murder Case: दिल्ली के बवाना में ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा, चार नाबालिग आरोपी गिरफ्तार
रिपोर्ट: तीर्थांकर सरकार
राजधानी दिल्ली के बाहरी उत्तरी जिले के बवाना इलाके में हुए एक सनसनीखेज और ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस मामले में 23 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या की गई थी, जिसमें पुलिस ने चार नाबालिग आरोपियों को पकड़ते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
यह घटना 28 जनवरी 2026 की है, जब पुलिस को सूचना मिली थी कि सेक्टर-5, DSIIDC बवाना के पास UER-II के नजदीक एक युवक का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि युवक का गला किसी धारदार हथियार से रेतकर हत्या की गई थी। मृतक की पहचान होलंबी खुर्द निवासी 23 वर्षीय विक्की के रूप में हुई। इस मामले में मृतक के पिता रघुबीर सिंह के बयान के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कई टीमों का गठन किया और जांच को तेज किया गया। शुरुआती जांच में पुलिस के पास कोई ठोस सुराग नहीं था, जिससे यह केस पूरी तरह ब्लाइंड बना हुआ था। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, संदिग्धों की तकनीकी निगरानी की और मृतक से जुड़े लोगों से गहन पूछताछ की।
जांच में सामने आया कि मृतक 26 जनवरी से लापता था। इसी बीच 24 मार्च को एक मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक इस हत्या की घटना को लेकर आपस में बातचीत कर रहे हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि मृतक और एक आरोपी के बीच पहले झगड़ा हुआ था, जिसके बाद बदला लेने की नीयत से इस हत्या की साजिश रची गई। योजनाबद्ध तरीके से आरोपियों ने विक्की को निशाना बनाया और उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। सभी आरोपियों की उम्र करीब 17 साल बताई जा रही है और उन्हें जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत आगे की कानूनी प्रक्रिया में शामिल किया जा रहा है।
इस पूरे ऑपरेशन को एसीपी नरेला और डीसीपी आउटर नॉर्थ के निर्देशन में अंजाम दिया गया, जिसमें पुलिस टीम की सतर्कता और लगातार प्रयासों से इस जटिल केस को सुलझाया जा सका।
फिलहाल पुलिस इस मामले की आगे की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस वारदात में और कोई शामिल तो नहीं था और इसके पीछे अन्य क्या कारण हो सकते हैं। यह मामला एक बार फिर राजधानी में बढ़ते अपराध और नाबालिगों की संलिप्तता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।





