उत्तर प्रदेशराज्य

Noida Gas Crisis: सिलेंडर नहीं मिलने पर लोगों ने किया सड़क जाम, प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी

Noida Gas Crisis: सिलेंडर नहीं मिलने पर लोगों ने किया सड़क जाम, प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी

नोएडा में घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर लोगों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। सिलेंडर नहीं मिलने से नाराज लोगों ने सेक्टर-4 की मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने ई-रिक्शा पर गैस सिलेंडर रखकर सड़क के बीचों-बीच खड़ा कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि पिछले दो दिनों से उनके घरों में चूल्हा नहीं जला है। कई परिवारों के सामने खाना बनाने तक की समस्या खड़ी हो गई है। लोगों ने कहा कि घर में छोटे-छोटे बच्चे हैं और वे भूखे हैं, लेकिन गैस सिलेंडर नहीं मिलने के कारण खाना बनाना संभव नहीं हो पा रहा है। इसी वजह से मजबूर होकर उन्हें सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करना पड़ा।
सड़क जाम होने के कारण आसपास के इलाकों में यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया। सेक्टर-4 के गोलचक्कर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने की कोशिश की।

हालांकि शुरुआत में प्रदर्शनकारी सड़क से हटने को तैयार नहीं हुए और ई-रिक्शा को भी हटाने से मना कर दिया। पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक लोगों से बातचीत की और उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। काफी समझाने के बाद प्रदर्शन कर रहे लोग शांत हुए और सड़क से जाम हटाया गया। इसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका।
बताया जा रहा है कि नोएडा में गैस सिलेंडर की कमी को लेकर यह दूसरी बार है जब लोगों ने सड़क जाम कर विरोध जताया है। इससे पहले भी सेक्टर-18 की मुख्य सड़क पर लोगों ने सिलेंडर नहीं मिलने के विरोध में जाम लगाया था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई उपभोक्ताओं ने तीन दिन पहले ही गैस की पर्चियां कटवा ली थीं, लेकिन अब तक उन्हें सिलेंडर नहीं मिला है। एजेंसियों के बाहर सुबह से ही लंबी कतारें लग रही हैं और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। गैस की कमी के कारण शहर के कई इलाकों में लोग परेशान हैं और अब उनका गुस्सा खुलकर सामने आने लगा है।
फिलहाल पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया है और यातायात को फिर से सामान्य कर दिया गया है। हालांकि गैस सिलेंडर की समस्या को लेकर लोगों में अभी भी नाराजगी बनी हुई है और वे जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं।

भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे

 

Related Articles

Back to top button