India-Russia Cultural Connect: रूस में महाभारत और रामायण बेहद लोकप्रिय

India-Russia Cultural Connect: रूस में महाभारत और रामायण बेहद लोकप्रिय
नई दिल्ली। रूस में भारतीय संस्कृति, दर्शन और साहित्य के प्रति लोगों की गहरी रुचि देखी जा रही है। रूसी लेखक और अनुवादक इल्या लियोनिदोविच विनोग्रादोव ने कहा कि महाकाव्य महाभारत और रामायण रूस में काफी लोकप्रिय हैं और इनके दार्शनिक व आध्यात्मिक पहलू पाठकों को आकर्षित करते हैं। उन्होंने भगवद्गीता को विश्व की महान पुस्तकों में से एक भी बताया।
यह जानकारी राष्ट्रीय पुस्तक न्यास (एनबीटी) के ‘सीमाओं से परे लेखन’ शीर्षक से आयोजित विशेष सत्र में साझा की गई। एनबीटी के निदेशक युवराज मलिक ने कहा कि इस सत्र का उद्देश्य साहित्य के माध्यम से भारत-रूस सांस्कृतिक संवाद को बढ़ावा देना और दोनों देशों के नागरिकों को सांस्कृतिक रूप से करीब लाना है।
इस कार्यक्रम में रूस के दूतावास के प्रतिनिधि मिखाइल एंट्सिफेरोव और अनास्तासिया इलुशिना भी उपस्थित रहे। सत्र में साहित्य, अनुवाद और बदलती पढ़ने की आदतों पर भी चर्चा हुई। विनोग्रादोव ने कहा कि अनुवाद केवल भाषा का परिवर्तन नहीं, बल्कि संस्कृति और संदर्भ की समझ भी है। उन्होंने यह भी बताया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता सहायक उपकरण के रूप में काम कर सकती है, लेकिन साहित्य की रचनात्मकता और संवेदना हमेशा मानव से ही आती है।
कार्यक्रम के अंत में आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में छात्रों और साहित्य प्रेमियों ने लेखक से संवाद किया और रूस में भारतीय साहित्य के प्रति बढ़ते उत्साह पर अपने विचार साझा किए।
भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे





