Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में हरकेश हत्याकांड का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपी गिरफ्तार

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में हरकेश हत्याकांड का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपी गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में हुए हरकेश हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दादरी पुलिस ने जारचा अंडरपास के पास हुई मुठभेड़ के बाद इस सनसनीखेज मामले में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें घायल अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, देर रात दादरी थाना पुलिस जारचा अंडरपास के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे दो संदिग्ध युवकों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उन्होंने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने जब उनका पीछा किया तो खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई और वे मौके पर ही दबोच लिए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रशांत उर्फ सिट्टू निवासी कैमराला, दादरी और प्रशांत निवासी निजामपुर, थाना सिकंदराबाद, जिला बुलंदशहर के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो अवैध तमंचे और कारतूस भी बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी हरकेश की पीट-पीटकर की गई हत्या में सीधे तौर पर शामिल थे।
गौरतलब है कि बीते रविवार रात कैमराला गांव निवासी हरकेश अपने साथी मोहित के साथ ड्यूटी से घर लौट रहा था। इसी दौरान गांव के पास गाड़ी हटाने को लेकर कुछ लोगों से उनका विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि आधा दर्जन से अधिक दबंगों ने हरकेश और मोहित पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में हरकेश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। मोहित भी इस हमले में घायल हुआ था।
इस घटना के बाद मृतक के परिजनों की तहरीर पर दादरी पुलिस ने पांच नामजद और कुछ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। पोस्टमार्टम के बाद जब हरकेश का शव गांव पहुंचा तो परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला था। लोगों ने सड़क पर उतरकर हंगामा किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई व एनकाउंटर की मांग की थी, जिसे पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत कराया था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और इस हत्याकांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले से जुड़े सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के कठघरे में खड़ा किया जाएगा।





