Noida: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट उड़ान भरने को तैयार, दो दिवसीय सुरक्षा जांच सफलतापूर्वक पूरी, डीजीसीए से लाइसेंस की प्रतीक्षा

Noida: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट उड़ान भरने को तैयार, दो दिवसीय सुरक्षा जांच सफलतापूर्वक पूरी, डीजीसीए से लाइसेंस की प्रतीक्षा
नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (Noida International Airport – NIA) के संचालन की दिशा में एक बड़ा कदम और आगे बढ़ गया है। एयरपोर्ट पर सुरक्षा मानकों और तैयारियों की गंभीरता से जांच करने के लिए ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) की टीम ने लगातार सोमवार और मंगलवार दो दिनों तक विस्तृत निरीक्षण किया। इस निरीक्षण में सुरक्षा व्यवस्था, टेक्निकल कंट्रोल सिस्टम, बैगेज स्कैनिंग और एयरसाइड व्यवस्थाओं का गहन विश्लेषण किया गया। टीम अब अपनी रिपोर्ट नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) को सौंपेगी, जिसके बाद एयरोड्रम लाइसेंस जारी होने की औपचारिक प्रक्रिया पूरी होगी।
नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा परियोजना के नोडल अधिकारी शैलेंद्र भाटिया ने बुधवार को बताया कि BCAS की टीम ने एयरपोर्ट के विभिन्न सुरक्षा उपकरणों, बैगेज स्कैनिंग सिस्टम, एक्स-रे मशीन, फ्रिस्किंग व्यवस्था और सीआईएसएफ की तैनाती व्यवस्था का पूर्ण मूल्यांकन किया। साथ ही एयरसाइड, टर्मिनल भवन, एप्रन क्षेत्र और रनवे संचालन से जुड़ी सभी सुविधाओं की सुरक्षा अनुपालन का परीक्षण किया गया। जांच के दौरान टीम ने यह सुनिश्चित किया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन किया जा रहा है।
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, सुरक्षा उपकरणों और ऑपरेशनल इंफ्रास्ट्रक्चर के सभी परीक्षण सफल पाए गए हैं। टीम ने यह भी आकलन किया कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक संख्या में सीआईएसएफ जवान तैनात किए जाएंगे और इमरजेंसी रेस्पॉन्स सिस्टम पूरी क्षमता के साथ तैयार है। अधिकारियों का अनुमान है कि रिपोर्ट जमा होने के बाद DGCA इसी सप्ताह नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को एयरोड्रम लाइसेंस जारी कर सकता है।
अधिकारियों ने बताया कि लाइसेंस प्राप्त होने के बाद एयरपोर्ट के भव्य उद्घाटन की आधिकारिक तिथि घोषित की जाएगी। यह एयरपोर्ट नोएडा, ग्रेटर नोएडा, बुलंदशहर, मथुरा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए विकास का नया द्वार साबित होगा। साथ ही यह इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बढ़ते दबाव को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उम्मीद जताई जा रही है कि एयरपोर्ट संचालन शुरू होने के बाद क्षेत्र में रोजगार अवसरों, व्यापारिक निवेश और अंतरराष्ट्रीय यात्राओं में तेजी आएगी, जिससे क्षेत्र की आर्थिक प्रगति को बड़े स्तर पर गति मिलेगी।
Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ





