World Cerebral Palsy Day: विश्व सेरेब्रल पाल्सी दिवस पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ़रेंस संपन्न, दिव्यांगता के प्रति जागरूकता पर जोर

World Cerebral Palsy Day: विश्व सेरेब्रल पाल्सी दिवस पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ़रेंस संपन्न, दिव्यांगता के प्रति जागरूकता पर जोर

रिपोर्ट: अजीत कुमार

गाज़ियाबाद में विश्व सेरेब्रल पाल्सी दिवस के अवसर पर भागीरथ सेवा संस्थान, फर्स्टवन रिहैब फाउंडेशन और राम चमेली चड्ढा विश्वास गर्ल्स कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ़रेंस का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में सेरेब्रल पाल्सी जैसी दिव्यांगता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और प्रभावित बच्चों व उनके अभिभावकों को समर्थन और मार्गदर्शन प्रदान करना रहा।

सम्मेलन में भारत सरकार में राज्य मंत्री बी. एल. वर्मा (उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय) ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि उत्तराखंड सरकार के राज्य मंत्री वीरेंद्र दत्त सेमवाल (हथकरघा एवं हस्तशिल्प विकास परिषद) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में देशभर से प्रसिद्ध रिहैबिलिटेशन विशेषज्ञ, फिजियोथेरेपिस्ट, ऑक्युपेशनल थेरेपिस्ट, स्पीच थेरपिस्ट, साइकोलॉजिस्ट, आयुर्वेद विशेषज्ञ, पैडियाट्रिशियन और विशेष शिक्षा विशेषज्ञ शामिल हुए।

विशेषज्ञों ने अपने प्रेजेंटेशन और तकनीकी सत्रों के माध्यम से सेरेब्रल पाल्सी से जुड़ी आधुनिक उपचार पद्धतियों, पुनर्वास तकनीकों और नए शोधों पर प्रकाश डाला। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य के लिए डॉक्टर त्रिभुवन सिंह, डॉक्टर प्रवीण कुमार, डॉक्टर धीरज सिंह, डॉक्टर नरेंद्र पांडेय, डॉक्टर अभिषेक पांडेय, डॉक्टर विजय प्रकाश और डॉक्टर राहुल शुक्ला समेत कई विशेषज्ञों को सम्मानित किया गया। वरिष्ठ फिजियोथेरेपिस्ट और होली फैमिली अस्पताल में 40 वर्षों तक सेवा दे चुकीं डॉक्टर सुनीता सूद भी इस अवसर पर उपस्थित रहीं।

फर्स्ट वन रिहैब फाउंडेशन के निदेशक डॉक्टर महिपाल सिंह ने बताया कि सम्मेलन में सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित बच्चों, उनके अभिभावकों और रिहैब प्रोफेशनल्स के लिए विशेष इंटरएक्टिव सत्र आयोजित किए गए ताकि उन्हें व्यवहारिक समाधान और प्रेरणा मिल सके। सम्मेलन में एक्सपर्ट्स के व्याख्यानों के साथ भागीरथ स्पेशल स्कूल और फर्स्टवन रिहैब फाउंडेशन के दिव्यांग बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।

कार्यक्रम में बिलासपुर, छत्तीसगढ़ में आयोजित नेशनल वोची टूर्नामेंट में पदक जीतने वाले भागीरथ स्पेशल स्कूल के बच्चों — प्राची, खुशी, आंचल, इंस्ट्रक्टर अंकित और कोच सुमन राजपूत को मंत्री बी. एल. वर्मा ने सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया। इसके अलावा “एक मां – एक सम्मान” पहल के तहत दिव्यांग बच्चों की सशक्त माताओं को भी सम्मानित किया गया।

राज्य मंत्री वीरेंद्र दत्त सेमवाल ने इस सार्थक आयोजन के लिए आयोजकों की सराहना की और आश्वासन दिया कि दिव्यांग जनों के उत्थान के लिए उनके मंत्रालयों द्वारा हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। कार्यक्रम में फर्स्टवन रिहैब फाउंडेशन की निदेशक डॉक्टर दीक्षा सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉक्टर सुष्मिता भाटी सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

‘कोटा फैक्ट्री’ सीजन 3: जितेंद्र कुमार की दमदार ड्रामा नेटफ्लिक्स पर आएगी, रिलीज डेट सामने आई

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img