Delhi Police Special Cell: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल का बड़ा ऑपरेशन, नंदू गैंग के अहम सदस्य हरीश सैनी की गिरफ्तारी से झज्जर मर्डर केस सुलझा
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल (साउदर्न रेंज) ने कपिल सांगवान उर्फ़ नंदू गैंग को बड़ा झटका देते हुए उसके प्रमुख लॉजिस्टिक सप्लायर हरीश सैनी उर्फ़ हितेश उर्फ़ लकी को गिरफ्तार किया है। इस गिरफ्तारी से हरियाणा के झज्जर जिले के बदली थाना क्षेत्र में हुई एक सनसनीखेज हत्या का खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर को एसीपी नीरज कुमार और इंस्पेक्टर सुमित कादयान के नेतृत्व में टीम ने निहाल विहार में छापा मारा।
पुलिस को देखते ही आरोपी ने अपने कपड़ों के नीचे छिपाई सिंगल शॉट पिस्टल निकाल ली और टीम पर तान दी, लेकिन सतर्क जवानों ने उसे काबू कर लिया। मौके से एक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। हरीश सैनी झज्जर के लादपुर गांव में 17 जुलाई को हुए संदीप उर्फ़ बबलू हत्याकांड में वांछित था। जांच में सामने आया कि उसने यह हत्या कपिल सांगवान के निर्देश पर करवाने के लिए अपराधियों को लॉजिस्टिक सहायता दी थी।
आरोपी पर पहले भी डकैती और आर्म्स एक्ट के तीन गंभीर मामले दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी से न केवल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है, बल्कि यह भी उजागर हुआ है कि कैसे आम पृष्ठभूमि से आने वाले युवक अपराध जगत की गिरफ्त में फंस जाते हैं।


