राज्यउत्तर प्रदेश

CM Yogi Noida Visit: नोएडा और यमुना सिटी में विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे सीएम योगी, 9,228 करोड़ रुपये के निवेश को मिलेगी रफ्तार

CM Yogi Noida Visit: नोएडा और यमुना सिटी में विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे सीएम योगी, 9,228 करोड़ रुपये के निवेश को मिलेगी रफ्तार

नोएडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को नोएडा और यमुना सिटी के दौरे पर रहेंगे, जहां वे कुल 9,228 करोड़ रुपये से अधिक की विकास और औद्योगिक परियोजनाओं को नई गति देंगे। यमुना सिटी में 6,750 करोड़ रुपये के निवेश वाली दो इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण इकाइयों का शिलान्यास करने के बाद मुख्यमंत्री नोएडा पहुंचेंगे, जहां 2,478 करोड़ रुपये की 70 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

यमुना सिटी के सेक्टर-10 में मुख्यमंत्री सबसे पहले इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (ईएमसी) में एसेंट सर्किट्स प्राइवेट लिमिटेड की 3,220 करोड़ रुपये की परियोजना की आधारशिला रखेंगे। यहां फ्लेक्सिबल पीसीबी, हाई डेंसिटी इंटरकनेक्टेड पीसीबी और सेमीकंडक्टर सब्सट्रेट्स का निर्माण होगा। इसके बाद सेक्टर-8 में अंबर इंटरप्राइजेज इंडिया लिमिटेड की 3,532 करोड़ रुपये की परियोजना का शिलान्यास करेंगे, जहां कॉपर क्लैड लैमिनेट्स, पीसीबी असेंबली, कंप्यूटर इलेक्ट्रॉनिक्स और घरेलू उपकरणों का उत्पादन किया जाएगा।

केंद्र सरकार के सहयोग से 206 एकड़ में विकसित हो रहे इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर पर लगभग 417 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसमें केंद्र सरकार 144 करोड़ रुपये का योगदान दे रही है, जबकि एंकर यूनिट के रूप में हैवेल्स को 50 एकड़ भूमि आवंटित की जा चुकी है।

यमुना सिटी के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से सेक्टर-96 स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां वे 2,478 करोड़ रुपये की 70 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें 1,045 करोड़ रुपये की पांच परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 1,434 करोड़ रुपये की 65 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

लोकार्पण होने वाली प्रमुख परियोजनाओं में 390 करोड़ रुपये की लागत से बना नया प्रशासनिक भवन, डीएससी रोड पर 608 करोड़ रुपये की लागत से तैयार एलिवेटेड रोड, सीवर लाइन परियोजनाएं और रेनीवेल निर्माण शामिल हैं। वहीं शिलान्यास होने वाली परियोजनाओं में भंगेल एलिवेटेड पर क्लोवर लीफ, सेक्टर-145 का विकास, दलित प्रेरणा स्थल का अनुरक्षण, विभिन्न सड़कों का सुदृढ़ीकरण, नालों को ढकने, बस डिपो के नवीनीकरण तथा अन्य आधारभूत विकास कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन और नोएडा प्राधिकरण ने व्यापक तैयारियां की हैं। सेक्टर-96 में हेलीपैड तैयार किया गया है, जबकि कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल, बम निरोधक दस्ते और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती की गई है।

 

Related Articles

Back to top button