Child PGI Noida: चाइल्ड पीजीआई में इंटरनेशनल क्लीनिकल ट्रायल्स डे पर विशेषज्ञों ने साझा किए रिसर्च के नए आयाम
Child PGI Noida: चाइल्ड पीजीआई में इंटरनेशनल क्लीनिकल ट्रायल्स डे पर विशेषज्ञों ने साझा किए रिसर्च के नए आयाम
नोएडा के सेक्टर-30 स्थित चाइल्ड पीजीआई में बुधवार को इंटरनेशनल क्लीनिकल ट्रायल्स डे के अवसर पर सीएमई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभर से क्लिनिकल रिसर्च, मेडिकल एथिक्स और अकादमिक चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों ने भाग लेकर आधुनिक चिकित्सा अनुसंधान के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
कार्यक्रम का उद्देश्य भारत में क्लीनिकल रिसर्च के बढ़ते दायरे को मजबूत करना और मरीज केंद्रित, नैतिक तथा वैज्ञानिक शोध को बढ़ावा देना था। इस दौरान विशेषज्ञों ने भारत में क्लीनिकल ट्रायल्स के बदलते स्वरूप, रिसर्च इंफ्रास्ट्रक्चर, गुड क्लिनिकल प्रैक्टिस और स्टेम सेल रिसर्च जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए।
इस आयोजन का संचालन अरुण कुमार सिंह के संरक्षण में किया गया। उद्घाटन सत्र में इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च की डॉ. अपर्णा मुखर्जी, प्रो. शिंजिनी भटनागर और एम्स दिल्ली के प्रो. टी.पी. सिंह सहित कई विशेषज्ञ उपस्थित रहे।
विशेषज्ञों ने कहा कि भारत में क्लीनिकल रिसर्च तेजी से विकसित हो रहा है और इसके माध्यम से मरीजों को बेहतर इलाज और नई चिकित्सा तकनीकों का लाभ मिल सकता है। साथ ही रिसर्च कार्यों में नैतिकता और पारदर्शिता बनाए रखना भी बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम में मेडिकल छात्रों, रिसर्च स्कॉलर्स और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भी भाग लिया और विशेषज्ञों से क्लिनिकल ट्रायल्स से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की।

