राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

Uttar Pradesh : रालोद के संसदीय दल में विधायक योगेश नौहवार को सदस्य बनाए जाने पर मांट और ब्रज मंडल में हर्ष की लहर

Mathura : राष्ट्रीय लोकदल ने आज पार्टी के संसदीय दल का गठन किया। पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद केसी त्यागी को संसदीय दल का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भारत सरकार में केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को भी संसदीय दल का सदस्य नामित किया गया है।

इस संसदीय दल में मांट विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं विधान परिषद सदस्य योगेश नौहवार को सदस्य बनाए जाने से मांट विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे ब्रज मंडल में हर्ष और गौरव का माहौल है।

उल्लेखनीय है कि योगेश नौहवार ने मांट विधानसभा क्षेत्र से पूर्व में दो बार विधानसभा चुनाव लड़ा था। एक चुनाव में वे मात्र 432 मतों के बेहद मामूली अंतर से पराजित हुए थे। इसके बावजूद जनता के बीच निरंतर सक्रिय रहकर जनसेवा का कार्य जारी रखा। उनके संघर्ष, संगठन के प्रति समर्पण और जनाधार को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें संसदीय दल में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।

राष्ट्रीय लोकदल का यह संसदीय दल आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों को देखते हुए गठबंधन के घटक दल भारतीय जनता पार्टी के साथ सीटों के समन्वय, सीट बंटवारे तथा राष्ट्रीय लोकदल के प्रत्याशियों के चयन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपनी भूमिका निभाएगा।

विधायक योगेश नौहवार का संसदीय दल में सदस्य बनाया जाना न केवल मांट विधानसभा क्षेत्र बल्कि पूरे ब्रज क्षेत्र के लिए सम्मान और गौरव का विषय है। इससे क्षेत्र की राजनीतिक भागीदारी और संगठनात्मक प्रभाव को नई मजबूती मिलेगी।

राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में पार्टी और अधिक सशक्त होकर किसानों, युवाओं, महिलाओं और समाज के सभी वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी।

Related Articles

Back to top button